- कैथल के युवक की हार्ट अटैक से मौत, लाश देखकर बेटा पापा-पापा चिल्लाया
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कैथल के गांव प्योदा के एक परिवार ने 7 साल पहले बेटे को बेहतर भविष्य की उम्मीद में 40 लाख रुपए खर्च करके अमेरिका भेजा था। परिवार ने इसके लिए करीब एक एकड़ जमीन तक गिरवी रख दी थी। उम्मीद थी कि बेटा विदेश में कमाकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारेगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
अमेरिका में हार्ट अटैक से 35 वर्षीय भीम गिल की मौत हो गई। अब उसकी पार्थिव देह गांव लाने के लिए परिवार को करीब 40 लाख रुपए और खर्च करने पड़े। शुक्रवार को गांव पहुंचे शव को देखकर परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पिता के शव को देखकर 11 साल का बेटा शौर्य पापा-पापा कहकर रोने लगा। अंतिम दर्शन के बाद छोटे भाई सन्नी ने भीम को मुखाग्नि दी।
पत्नी, बेटे, माता-पिता और भाई-बहनों को छोड़ गया भीम
भीम गिल कैथल के गांव प्योदा का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, वह शादीशुदा था। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी, एक बेटा, दो बहनें और एक छोटा भाई सन्नी है। परिवार खेतीबाड़ी करता है। भीम परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के लिए करीब 7 साल पहले अमेरिका गया था।
डंकी रूट से गया था अमेरिका, गाड़ी चलाता था
परिजनों के अनुसार, भीम करीब 7 साल पहले डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा था। वह कैलिफोर्निया के फ्रिजनो शहर में रहता था और वहां गाड़ी चलाने का काम करता था। परिवार ने उसे अमेरिका भेजने के लिए करीब 40 लाख रुपए खर्च किए थे। इस रकम का इंतजाम करने के लिए जानकारों से भी पैसे उधार लिए थे। परिवार ने करीब एक एकड़ जमीन गिरवी रखी थी।
डेढ़ महीने पहले भी आया था हार्ट अटैक
भीम के चचेरे भाई सुखबीर सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले भी भीम को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उसकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। मौत से 3-4 दिन पहले भी उसने परिवार को फोन किया था। उसने बताया था कि उसकी तबीयत ज्यादा खराब रहने लगी है। साथ ही कहा था कि अगर उसके साथ कोई अनहोनी हो जाए तो भाई परिवार का पूरा ध्यान रखे।
27 अक्टूबर को हार्ट अटैक आाया
सुखबीर सिंह ने बताया कि 27 अक्टूबर को भीम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसके साथ रहने वाले लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसकी पार्थिव देह भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। शव को गांव लाने में करीब 40 लाख रुपए खर्च हुए।
गांव के 30-35 युवाओं ने जुटाई शव लाने की रकम
परिजनों ने बताया कि गांव के करीब 30-35 युवक अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में रहते हैं। सभी ने मिलकर भीम का शव भारत लाने के लिए आर्थिक मदद की। युवाओं ने अपनी-अपनी ओर से थोड़े-थोड़े पैसे इकट्ठे किए और पूरी राशि जुटाकर परिवार को दी। इसके अलावा कुछ रकम परिवार ने भी जुटाई।
परिजनों के अनुसार, अमेरिका जाने के बाद भीम ने कमाई करके परिवार का लगभग पूरा कर्ज चुका दिया था। अब वह मकान बनवाने और दूसरे कामों के लिए पैसे जोड़ रहा था। परिवार खेतीबाड़ी करता है। छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। ऐसे में भीम ही परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था।