November 13, 2026
13 nov4
  • हेल्पलाइन नंबर भी जारी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की पहल ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप अब आईफोन यूजर्स भी इस्तेमाल कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लॉन्च किए गए इस ऐप को अब एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध करवा दिया गया है। इससे पहले यह सुविधा केवल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए थी।

आमजन की मांग और आईफोन उपयोगकर्ताओं की सुविधा को देखते हुए ब्यूरो ने ऐप को एप्पल प्लेटफॉर्म पर भी लॉन्च किया है। अब एंड्रॉयड और आईफोन दोनों यूजर्स ऐप डाउनलोड कर भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें सीधे एसीबी तक पहुंचा सकेंगे।

घर बैठे दर्ज करा सकेंगे रिश्वत मांगने की शिकायत

एसीबी चीफ डॉ. एएस चावला ने बताया कि ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप के जरिए लोगों को भ्रष्टाचार की शिकायत करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक ऐप पर अपनी शिकायत का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके साथ ही सबूत के तौर पर फोटो, वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से शिकायत मिलने से ब्यूरो की कार्रवाई को गति मिलेगी और भ्रष्टाचार से पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने में मदद मिलेगी। शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता को प्राथमिकता दी जाएगी।

इन नंबरों पर भी कर सकते हैं शिकायत

यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो नागरिक इसकी सूचना एसीबी को दे सकते हैं। इसके लिए मोबाइल ऐप के अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और 1800-180-2022 उपलब्ध हैं। वहीं, व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत भेजी जा सकती है।