November 13, 2026
13 nov 1
  • AQI 388, पंचकूला में सबसे कम तापमान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मौसम के साथ प्रदूषण की दोहरी मार पड़ रही है। प्रदेश में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। पंचकूला में सबसे कम 13 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, 4 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा।

दूसरी तरफ दिन के तापमान में अभी भी गर्मी बरकरार है। सिरसा में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि पंचकूला में यह 27.3 डिग्री रहा।

उधर, प्रदूषण ने प्रदेशवासियों की स्थिति चिंताजनक बना दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, देश के 286 शहरों की सूची में हरियाणा का पंचगांव 388 AQI के साथ सबसे ऊपर रहा। दिल्ली का AQI 350 दर्ज हुआ।

पंचकूला को छोड़ सभी शहर प्रदूषित

हरियाणा के 25 मॉनिटरिंग शहरों में से 9 की हवा बेहद खराब और 14 शहरों की हवा खराब श्रेणी में रही। यानी 23 शहरों में प्रदूषण का स्तर 200 से ऊपर दर्ज किया गया।

पंचकूला को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर शहरों में लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले पांच दिनों से प्रदेश में मौसम खुश्क बना हुआ है।

हालांकि 13 से 15 नवंबर के बीच हवाओं की दिशा बदलने और आंशिक बादलवाही से स्मॉग में कुछ सुधार होने की संभावना है।

तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में न्यूनतम तापमान का औसत पिछले दिन के मुकाबले 1.1 डिग्री बढ़ा है। इसके बावजूद रात का औसत तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक बना हुआ है।

दिन के तापमान में भी औसतन 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य के आसपास रहा। सिरसा में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में पुरवाई हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।