- दिल्ली से ज्यादा प्रदूषण, सांस संबंधी बीमारियों का खतरा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में बढ़ता प्रदूषण चिंताजनक बना हुआ है। देशभर के शहरों के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़ों में हरियाणा के कई शहर बेहद खराब हवा की चपेट में हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, बहादुरगढ़ 400 AQI के साथ देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहा। चरखी दादरी में 389 और रोहतक में 378 AQI दर्ज किया गया।
प्रदेश के 25 निगरानी वाले शहरों में से 12 की हवा बेहद खराब श्रेणी में रही, जबकि 9 शहरों में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज हुआ। केवल 4 शहरों में हवा मध्यम श्रेणी में रही।
दिल्ली से हरियाणा में ज्यादा प्रदूषण
चिंता की बात यह है कि दिल्ली का AQI 344 रहा, जबकि हरियाणा के बहादुरगढ़, चरखी दादरी, रोहतक, कैथल, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत कई शहरों में इससे ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ेगी
राष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा के शहरों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बुलेटिन में दर्ज आंकड़े बताते हैं कि प्रदूषण का सबसे प्रमुख कारण PM2.5 है। यानी हवा में मौजूद बारीक कण लोगों के लिए सांस संबंधी परेशानी बढ़ा रहे हैं।
हरियाणा के 12 शहरों में सांस लेना मुश्किल
प्रदेश में बहादुरगढ़ के अलावा चरखी दादरी, रोहतक, फरीदाबाद, पंचगांव, कैथल, गुरुग्राम, भिवानी, मानेसर, नरनौल, बल्लभगढ़ और हिसार के आसपास के प्रदूषण की स्थिति भी चिंताजनक है।
25 शहरों में 12 का AQI 300 से ऊपर रहा। इस श्रेणी में लंबे समय तक रहने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खास बात यह है कि पंचगांव में 350, फरीदाबाद में 350 और गुरुग्राम में 345 AQI दर्ज किया गया।
वहीं, हिसार में 291, पानीपत में 286 और सिरसा में 289 AQI रहा। इससे स्पष्ट है कि प्रदूषण केवल एनसीआर तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी इसका असर है।