- 2028 तक तैयार करने का लक्ष्य, पंजाब-हिमाचल के खिलाड़ियों को भी फायदा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला के सेक्टर-32 में बनने जा रही वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 110 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना के पहले चरण (फेज-1) का काम शुरू कर दिया गया है।
अत्याधुनिक शूटिंग कॉम्प्लेक्स के बनने से पंचकूला ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य पंजाब और हिमाचल प्रदेश के निशानेबाजों को भी अभ्यास के लिए बेहतरीन मंच मिलेगा। जून 2028 तक का टाइम पीरियड कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। फिलहाल कंपनी ने फ्रंट बाउंड्री वॉल का कार्य पूरा कर लिया है।
साढ़े 9 एकड़ में बनेगी 3 मंजिला इमारत
पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMDA) को इस वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।शुरुआती योजना के तहत इस रेंज का निर्माण 13.75 एकड़ में होना था, लेकिन जमीन की सीमाओं को देखते हुए इसे संशोधित कर करीब साढ़े 9 एकड़ तय किया गया है। परिसर में जी-प्लस-2 (ग्राउंड प्लस दो) मंजिला आधुनिक इमारत बनाई जाएगी, जहां अंतर्राष्ट्रीय मानकों के हिसाब से सभी खेल सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
अब जानिए, शूटिंग रेंज और उसकी विशेषता..
- 3 तरह की स्पर्धाएं हो सकेंगी: अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के दावे के साथ तैयार की जा रही इस रेंज में 10 मीटर, 20 मीटर और 50 मीटर शूटिंग स्पर्धाओं के लिए अलग-अलग रेंज बनाई जाएंगी।
- करीब 35 करोड़ रुपए खर्च: रेंज में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टारगेट, डिजिटल स्कोरिंग और रैंकिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। हथियारों और गोला-बारूद के इंतजामों पर ही करीब 35 करोड़ रुपए की अनुमानित राशि खर्च की जाएगी। यहां राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट भी आयोजित किए जा सकेंगे।
- पूरी तरह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर: पूरी इमारत में सेंट्रलाइज्ड एसी, सीसीटीवी सर्विलांस, एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, लिफ्ट और रिन्यूएबल एनर्जी (अक्षय ऊर्जा) सिस्टम लगाया जाएगा।
- प्रशासनिक और मीडिया ब्लॉक: वीआईपी लाउंज के साथ-साथ रेंज में दर्शक दीर्घा, मीडिया व ब्रॉडकास्ट रूम, कॉन्फ्रेंस रूम और डाइनिंग एरिया भी डेवलप किया जा रहा है।
चंडीगढ़ रेंज पर निर्भरता होगी खत्म
फिलहाल पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के निशानेबाजों को अभ्यास के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-25 स्थित शूटिंग रेंज पर निर्भर रहना पड़ता है। सालों से खिलाड़ी वहीं जाकर अपनी तैयारी करते आ रहे हैं।
पंचकूला में इस नई शूटिंग रेंज के शुरू होने से स्थानीय एथलीटों को अपने ही शहर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का ढांचा मिल सकेगा। राज्य सरकार ने पड़ोसी राज्यों (पंजाब, हिमाचल) और केंद्र शासित प्रदेश (चंडीगढ़) के खिलाड़ियों को भी इस सुविधा के इस्तेमाल की अनुमति देने का फैसला किया है।