November 9, 2026
11 nov 6
  • शॉर्ट सर्किट से लगी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  सोनीपत के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में रविवार सुबह शार्ट-सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। फैक्ट्री की चार मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी आग धीरे-धीरे फैलती चली गई।

आग की सूचना मिलते ही सोनीपत के अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग बढ़ने पर कई जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। दीपावली को फैक्ट्री में छुट्टी होने के कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है।

 

सुबह 5 बजे मिली आग लगने की सूचना

फायर ऑफिसर रामेश्वर ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लेसरो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में कुंडली, सेक्टर-23, गन्नौर, राई और एजुकेशन सिटी स्थित फायर स्टेशनों से गाड़ियां भेजी गईं। आग लगातार फैलती गई तो आसपास के जिलों से भी दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा।

5 जिलों से पहुंचीं 17 से ज्यादा दमकल गाड़ियां

आग की गंभीरता को देखते हुए झज्जर, बहादुरगढ़, नरेला, रोहतक और पानीपत से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। करीब 17 से ज्यादा दमकल गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगाई गईं।

इसके बावजूद आग पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत पड़ी तो दिल्ली से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलानी पड़ी। दमकल कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने और उसे बुझाने का प्रयास किया।

चार मंजिला फैक्ट्री की सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी आग

फैक्ट्री की इमारत चार मंजिला है। आग सबसे ऊपर वाली मंजिल पर लगी थी। धीरे-धीरे आग ने वहां रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में पानी की बोतल बनाने का काम होता था। आग फैलने के कारण फैक्ट्री के अंदर काफी सामान जलने का अनुमान है। दमकल विभाग की टीमों ने आग को नियंत्रित करने के लिए कई घंटे तक अभियान चलाया।

छुट्टी होने के कारण टला बड़ा हादसा

दीपावली को छुट्टी होने के कारण फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। इस वजह से आग लगने के बावजूद कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यदि फैक्ट्री में सामान्य दिनों की तरह कर्मचारी काम कर रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

आग लगने से लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

फैक्ट्री संचालक के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग लगने की सूचना के बाद संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने स्थिति पर नजर रखी। राहत की बात रही कि आग आसपास की फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंची और आसपास की औद्योगिक इकाइयां सुरक्षित रहीं।

आग पर पाया नियंत्रण, कूलिंग का काम जारी

फायर ऑफिसर रामेश्वर के अनुसार दमकल विभाग की कई टीमों ने मिलकर आग पर नियंत्रण पाया। मौके पर पांच से अधिक क्षेत्रों से दमकल गाड़ियां पहुंची थीं। आग पर काबू पाने के बाद भी फैक्ट्री में पूरी तरह सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और कूलिंग की जरूरत रही। फिलहाल आसपास की फैक्ट्रियों को आग से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।