- 10 शहरों में हवा बेहद खराब, 7 में सांस लेना मुश्किल
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रक बोर्ड के अनुसार, हरियाणा के शहर लगातार दूसरे दिन सबसे अधिक प्रदूषित रहे।
शुक्रवार के आंकड़ों में गुरुग्राम का पंचगांव सर्वाधिक प्रदूषित था, जबकि शनिवार के आंकड़ों में बल्लभगढ़ सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यहां का AQI 409 दर्ज हुआ है, जो देश के 284 शहरों में सबसे ज्यादा है।
सिरसा का AQI 383 और गुरुग्राम के पंचगांव का एक्यूआई 377 रहा। ये दोनों शहर देश में दूसरे और तीसरे नंबर सबसे प्रदूषित रहे। वहीं, दिल्ली का AQI 369 रहा।
इधर, मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान पंचकूला में 12.9°C रहा। अब धीरे-धीरे ठंड भी बढ़ने लगी है।
प्रदेश के कई शहरों में AQI 300 प्लस
हरियाणा के कई शहरों में AQI 300 के पार पहुंच चुका है। गुरुग्राम में 345, फरीदाबाद में 336, रोहतक में 320, हिसार में 316, भिवानी में 307 और सोनीपत में 304 AQI दर्ज हुआ।
यानी प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। वहीं, NCR के शहरों में दिल्ली के साथ हरियाणा के औद्योगिक और शहरी क्षेत्र भी प्रदूषण की चपेट में हैं।
यूपी, राजस्थान से ज्यादा प्रदूषण हरियाणा में
देश के दूसरे राज्यों के शहरों से तुलना करें तो राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के शहरों में प्रदूषण का स्तर सबसे चिंताजनक दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में AQI 277, ग्रेटर नोएडा में 281, नोएडा में 297 और हापुड़ में 307 दर्ज हुआ।
राजस्थान के अलवर में 232, जयपुर में 231 और बीकानेर में 271 AQI रहा। वहीं, दक्षिण और पूर्वोत्तर के कई शहरों में हवा की स्थिति बेहतर है। आइजोल में AQI 42, गंगटोक में 33, मैसूर में 89 और चेन्नई में 74 दर्ज किया गया।
NCR के हरियाणा वाले जिलों पर ग्रैप-3 लागू
प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को पूरे दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया।
इससे पहले 21 अक्टूबर को ग्रैप-1 और 2 नवंबर को ग्रैप-2 लागू किया गया था। अब गंभीर श्रेणी (AQI 401-450) के लिए निर्धारित अतिरिक्त पाबंदियां भी प्रभावी हो गई हैं।
एनसीआर में ये उठाए जा रहे कदम…
स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई: हरियाणा के NCR क्षेत्र में गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत जैसे जिलों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। GRAP-3 के तहत निर्माण और तोड़फोड़ की धूल उड़ाने वाली गतिविधियों पर रोक, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर सख्ती और स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई जैसे कदम शामिल हैं।
ऑफिसों में 50 प्रतिशत कटौती के आदेश: इसके अलावा CAQM ने 5 से 20 नवंबर तक दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में सरकारी व निजी कार्यालयों में 50% कर्मचारियों की फिजिकल उपस्थिति और बाकी को वर्क फ्रॉम होम देने के निर्देश भी दिए हैं। यह व्यवस्था GRAP-3 से अलग एहतियाती आदेश के तहत लागू है
हरियाणा में पंचकूला सबसे ठंडा
हरियाणा में मौसम बदलाव से धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ के अनुसार राज्य में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2°C अधिक दर्ज किया गया है, जबकि औसत अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
पंचकूला में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं हिसार के केंद्र पर प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6°C दर्ज किया गया।