November 3, 2026
3 nov 13
  • विधायक और पूर्व विधायक ठहरे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के सेक्टर-3 स्थित एमएलए हॉस्टल में पिछले दो दिन से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था प्रभावित है। 2 नवंबर को भी खबर लिखे जाने तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ था। हॉस्टल कार्यालय में लगी तीन एलईडी स्क्रीन में से एक पूरी तरह बंद है, जबकि दूसरी स्क्रीन पर भी कई कैमरों की फुटेज नहीं दिख रही। ऐसे में हॉस्टल की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

रिसेप्शन इंचार्ज संजय के अनुसार, हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरों में खराबी आई है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल के जेई को फोन कर जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि कैमरों को ठीक कराने के लिए सूचना दी गई है। हॉस्टल स्टाफ के अनुसार, कैमरों की व्यवस्था जल्द दुरुस्त होने की उम्मीद है।

करीब 60 कैमरों की निगरानी के लिए तीन स्क्रीन

एमएलए हॉस्टल कार्यालय में तीन एलईडी स्क्रीन लगी हैं, जिनके माध्यम से पूरे परिसर की निगरानी की जाती है। हॉस्टल से मिली जानकारी के अनुसार, अंदर की गैलरी और अन्य हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। पिछले हिस्से के भी कुछ कैमरे बंद हैं।

सामने के लॉन और पार्क को कवर करने वाली स्क्रीन पर 25 कैमरों में से 8 खराब बताए गए। स्टाफ के अनुसार, सीसीटीवी कैमरों में खराबी है, जबकि ऑडियो काम कर रहा है।

हॉस्टल में ठहरे हैं MLA और पूर्व MLA

पंचकूला में 2 नवंबर को जनप्रतिनिधि सम्मेलन होना था। इसके चलते विधायक और पूर्व विधायक 1 नवंबर से ही एमएलए हॉस्टल में ठहरे हुए हैं। ऐसे समय में सीसीटीवी व्यवस्था प्रभावित होने से सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एंट्री रजिस्टर दोबारा शुरू

हॉस्टल के प्रवेश द्वार पर आने वाले लोगों की जानकारी दर्ज करने के लिए पहले रजिस्टर रखा जाता था, लेकिन इसे काफी समय तक बंद रखा गया। अब एक-दो दिन पहले इसे दोबारा शुरू किया गया है। शाम की शिफ्ट में तैनात पुलिसकर्मी साहिल के अनुसार, डीएसपी के निर्देश पर विजिटर्स की एंट्री फिर से रजिस्टर में दर्ज की जा रही है।

स्पीकर OSD बोले- ठीक हो चुके हैं CCTV

हरिया‌णा विधानसभा के स्पीकर के ओएसडी विष्णु ने मामले पर कहा कि मामले उनके संज्ञान में आ चुका है। कुछ सीसीटीवी ठीक हो चुके हैं और बाकी के कल हो जाएंगे। कर्मियों को सीसीटीवी के जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।