November 2, 2026
2 oct 3.jpg
  • लोकसभा स्पीकर करेंगे शुभारंभ

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आज 2 नवंबर को जनप्रतिनिधि सम्मेलन का आगाज होगा। संविधान पखवाड़े के तहत आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेश के वर्तमान और पूर्व विधायक शामिल होंगे। शुरुआती सत्र में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि समापन सत्र में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश की विधायी परंपरा से जुड़ी कई पीढ़ियों के जनप्रतिनिधि एक मंच पर नजर आएंगे। अब तक 57 वर्तमान और 176 पूर्व विधायकों ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।

इनमें 4 पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, 2 पूर्व उपाध्यक्ष और 7 बार विधायक चुने गए वरिष्ठ नेताओं के साथ पहली बार विधानसभा पहुंचे युवा विधायक भी शामिल हैं। सम्मेलन में विधायी अनुभव, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होगी।

चार पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और 2 पूर्व उपाध्यक्ष होंगे शामिल

सम्मेलन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, कंवर पाल, कुलदीप शर्मा और डॉ. रघुवीर सिंह कादियान शामिल होंगे। इनके अलावा पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव और आजाद मोहम्मद भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

7 बार विधायक चुने गए कादियान और विज रहेंगे आकर्षण

बेरी के विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादियान और कैबिनेट मंत्री अनिल विज 7-7 बार विधायक चुने जा चुके हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह 6-6 बार विधायक रहे हैं। 6 बार विधायक चुने गए कैप्टन अजय सिंह यादव के भी सम्मेलन में शामिल होने की संभावना है।