- इंडिया गठबंधन से जुड़ाव पर मांगा फीडबैक
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कांग्रेस की कॉल पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हो रही वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली का समर्थन किया है। सीजेपी के राष्ट्रीय सह-संयोजक आशुतोष रांका ने हरियाणा की कोर टीम के लिए वर्चुअल मीटिंग की। जिसमें कहा- पार्टी के लोग रैली में शामिल हो सकते हैं।
करीब 1 घंटे चली मीटिंग में 3 एजेंडों पर खास चर्चा हुई। पहली, 1 नवंबर की रैली का समर्थन, दूसरा 10 नवंबर के बाद आंदोलन को फिर सक्रिय करने और इंडिया गठबंधन से जुड़ाव को लेकर जमीनी स्तर पर फीडबैक जुटाने पर चर्चा हुई। हरियाणा में विस्तार के लिए किसान और अन्य सामाजिक संगठनों को जोड़ने की संभावनाएं तलाशने को कहा गया।
रांका ने कहा- हमारी पॉलिटिकल न्यूट्रैलिटी पर कभी इम्पैक्ट नहीं होना चाहिए। ये बहुत जरूरी है। अगर कोई हमारे साथ सेम मुद्दे पर खड़ा है और उनकी भी वहीं मांगे हैं तो हम उनके साथ काम कर सकते हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं होगी। हम इंडिया अलायंस के मेंबर्स नहीं हैं, हम एक पॉलिटिकल पार्टी नहीं बने हैं अभी। इधर, सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने बुधवार रात सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा-कॉकरोच जनता पार्टी इंडिया गठबंधन की 1 नवंबर की रैली को समर्थन देती है।
पढ़िए, मीटिंग में आशुतोष ने क्या कहा:-
- देश को बचाना सीजेपी का मकसद: मीटिंग में आशुतोष रांका ने कहा कि सीजेपी का मकसद देश को बचाना है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए यदि किसी गठबंधन का सहयोग लेने की जरूरत पड़ती है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। पार्टी इसी सोच के साथ विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के साथ संभावित तालमेल के विकल्पों पर विचार कर रही है।
- टीम मेंबर्स फीडबैक जुटाएं: आशुतोष ने आगे कहा कि टीम के मेंबर्स ग्राउंड लेवल पर लोगों के बीच जाकर फीडबैक जुटाएं। यह जानने का प्रयास करें कि सीजेपी के इंडिया गठबंधन से जुड़ने की स्थिति में आम लोगों की क्या प्रतिक्रिया होगी। इस फीडबैक के आधार पर पार्टी को आगे की रणनीति तय करने में मदद मिलेगी।
- 10 नवंबर के बाद सक्रिय होंगे: आशुतोष रांका ने बताया कि सीजेपी 10 नवंबर के बाद फिर से सक्रिय होगी। पार्टी विभिन्न प्रदेशों में संगठन तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। जल्द ही अलग-अलग राज्यों के संगठन की लिस्ट जारी करने की प्लानिंग है।
सांगवान बोले-त्योहारों के बाद फिर सक्रिय होंगे
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने दैनिक भास्कर से बात में कहा कि पार्टी देशहित से जुड़े मुद्दों पर इंडिया गठबंधन के साथ विचार-विमर्श कर सकती है, लेकिन यह किसी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा बनने का फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के मुद्दों को लेकर जो भी पार्टी या संगठन आवाज उठाएगा, कॉकरोच जनता पार्टी उसका समर्थन करेगी।
एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली को भी पार्टी ने देशहित में समर्थन दिया है। सुधीर सांगवान ने बताया कि 10 नवंबर तक सभी साथियों को त्योहारों के दौरान अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए कहा गया है। लंबे समय से आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं को इससे कुछ राहत मिलेगी। 10 नवंबर के बाद सीजेपी संगठन के विस्तार और आगामी गतिविधियों पर नई ऊर्जा के साथ काम शुरू करेगी।