October 16, 2026
16 oct 11
  • खिड़कियां काटकर निकाले शव; मां को कैंसर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के कैथल में पूर्व विधायक स्वर्गीय भगतराम के 2 पड़पोतों की एक्सीडेंट में मौत हो गई। दोनों पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ आई-20 कार से करनाल पैसे लेने गए थे। कैथल लौटते समय नरड़ गांव के पास गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया।

हादसा इतना भीषण था कि आई-20 पूरी तरह चकनाचूर हो गई। आगे का हिस्सा भी टूटकर अलग हो गया। गाड़ी को कोई पार्ट्स साबुत नहीं बचा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

गाड़ी की खिड़कियां काटकर शवों को बाहर निकाला गया। तीनों की बॉडी कैथल के सिविल अस्पताल में रखवाई गई है। मृतकों की पहचान सगे भाई रक्षत व अभिषक और पड़ोसी कृष्ण के रूप में हुई। रक्षत की मां को कैंसर है। उनके 2 ही बच्चे थे।

इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर का कहना है कि अभी हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि घटनास्थल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें गाड़ी के पार्ट्स पेड़ के पास पड़े हैं। आशंका है पेड़ से टकराकर हादसा हुआ।

सिलसिलेवार पढ़िए, कैसे हुआ हादसा:-

करनाल से कैथल लौट रहे थे तीनों: कैथल के खुराना रोड निवासी सगे भाई रक्षत (27) और अभिषेक (29) पड़ोस में रहने वाले कृष्ण (38) के साथ कार से करनाल गए थे। गुरुवार रात तीनों वापस कैथल लौट रहे थे। जैसे ही वे करनाल रोड पर गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास पहुंचे, अचानक गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया।

टायर निकलकर कई फीट दूर गिरे: हादसे में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। उसका अगला हिस्सा टूटकर अलग हो गया। आगे के टायर भी निकलकर कई फीट दूर जाकर गिरे। सीट और डैशबोर्ड तक का चूरा हो गया। घटनास्थल के सामने आए वीडियो में कार के पुर्जे पेड़ के पास पड़े दिखाई दे रहे हैं।

खिड़कियां काटकर बाहर निकाले: हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार की बॉडी काटकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

पैसे लेने गए थे करनाल

मृतक कृष्ण के साले ने पंकज ने बताया कि उन्हें सुबह ही एक्सीडेंट की सूचना मिली। कृष्ण अपने दोस्त रक्षत व अभिषेक के साथ किसी से पैसे लेने करनाल गए थे। कृष्ण के 2 बच्चे हैं। एक की उम्र 8 साल और दूसरी की उम्र 13 साल है।

वहीं, रक्षत के चाचा सुशील कुमार ने बताया कि उसकी मां को कैंसर है। दोनों की शादी हो चुकी है, माता-पिता के साथ ही रहते थे। रक्षत का एक बेटा है। दोनों भाई नगर परिषद में कार्यरत हैं। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से मां का रो-रोकर बुला हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण सांत्वना देने घर पहुंच रहे हैं।

भगतराम दो बार कलायत से विधायक बने

पूर्व विधायक स्व. भगतराम को भगतू राम के नाम से भी जाना जाता था। वे 1968 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की टिकट पर पहली बार कलायत से विधायक चुने गए थे। 1972 में कांग्रेस (संगठन) के टिकट पर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे थे।

कांग्रेस (संगठन) को ओल्ड संगठन भी कहा जाता था। इसमें इंदिरा गांधी से अगल गुट के नेता थे। जिसमें के. कामराज, मोरारजी देसाई जैसे नाम शामिल थे। भगतराम भी इसी दल में शामिल हो गए थे।

DSP बोले- हादसे ही जांच कर रहे

कैथल डीएसपी रोहताश का कहना है कि अभी हादसे का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल के निरीक्षण और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।