- खाली सीटें देख पूछा-12:30 बजे ही लंच
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) सुमिता मिश्रा ने गुरुवार को पंचकूला के रायपुर रानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अव्यवस्थाओं का अंबार देखकर ACS का गुस्सा फूट पड़ा। जगह-जगह कचरे से ओवरफ्लो होते डस्टबिन, धूल फांकता बंद दिव्यांग टॉयलेट और ड्यूटी टाइम पर गायब स्टाफ को लेकर उन्होंने अस्पताल प्रशासन की जमकर क्लास लगाई।
SMO की सफाई पर ACS का करारा जवाब
अस्पताल परिसर में डस्टबिन ओवरफ्लो देखकर ACS ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से पूछा कि यह रोज साफ क्यों नहीं होते? इस पर अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) डॉक्टर संजीव गोयल ने सफाई देते हुए कहा, “मैं पिछले 10 दिन से छुट्टी पर था और आज ही ड्यूटी पर आया हूं।”
SMO की इस दलील पर ACS ने तुरंत टोका और सख्त लहजे में कहा— “यह हालात 10 दिन में नहीं बने हैं। यह सफाई व्यवस्था अपने आप में इंफेक्शन और बीमारियों का एक बड़ा सोर्स बन चुकी है। इसके बाद जब ACS दिव्यांग टॉयलेट की जांच करने पहुंचीं तो वह बंद और खस्ताहाल मिला। उन्होंने फटकार लगाते हुए पूछा, “क्या आपने इसे कभी खोलकर देखा है? इसकी हालत देखी है आपने?
अब किन खामियों पर लगाई फटकार…
- टीबी लैब और फार्मेसी खाली: “आधे से ज्यादा कमरे खाली हैं, सब 12:30 बजे लंच पर चले गए?” जब सुमिता मिश्रा ने अस्पताल के अंदरूनी हिस्सों का मुआयना किया तो दोपहर 12:30 बजे फार्मासिस्ट अपनी सीट से नदारद मिला। फार्मासिस्ट की खाली कुर्सी देखकर ACS ने झाड़ लगाते हुए कहा, “कहां है ये? अभी साढ़े 12 बजे ही लंच पर चला गया?” इसके बाद वह टीबी (TB) लैब पहुंचीं तो वहां भी सन्नाटा पसरा था। लैब में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस पर ACS कड़ी नाराजगी जताई।
- लाइट्स बंद होने पर उठाए सवाल: अस्पताल में बंद पड़ी ट्यूबलाइटों और अंधेरे को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को घेरा। उन्होंने पूछा कि अस्पताल में नियमित सफाई और लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए, फिर आपकी ट्यूबलाइट्स न जलने का क्या कारण है?
- मरीजों से भी लिया फीडबैक: निरीक्षण के दौरान ACS सुमिता मिश्रा ने अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर सीधा फीडबैक भी लिया।
- स्वीपिंग सुधारो, लेट-लतीफों पर करो कार्रवाई: औचक निरीक्षण के अंत में अतिरिक्त मुख्य सचिव ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कहा कि अस्पताल की स्वीपिंग और साफ-सफाई की कंडीशन में तुरंत सुधार लाया जाए। जो कर्मचारी और डॉक्टर समय पर अपनी सीट पर मौजूद नहीं रहते, उनके खिलाफ तुरंत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।