- कृषिमंत्री बोले- प्रीमियम और क्लेम की जानकारी भी रखें, कुरुक्षेत्र में बांटी फसल बीमा पॉलिसी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र के शाहाबाद पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि फसल का बीमा करवाने के बाद किसान को यह भी पता होना चाहिए कि उसकी पॉलिसी में क्या दर्ज है, कितना प्रीमियम जमा हुआ है और फसल खराब होने पर क्लेम कैसे मिलेगा। इसी जानकारी को किसानों तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ अभियान शुरू किया है।
उन्होंने 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक चलने वाली इस विशेष ड्राइव के तहत पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की पॉलिसी दी जा रही है। कृषि ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को पॉलिसी वितरित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि किसान को उसकी फसल बीमा पॉलिसी पारदर्शी तरीके से मिले, ताकि उसे बीमा से जुड़ी पूरी जानकारी रहे।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भी इसी दिशा में एक कदम है। मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान के तहत किसानों को उनकी पॉलिसी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें पता रहे कि उनकी फसल का बीमा हुआ है या नहीं और बीमा से जुड़ी शर्तें क्या हैं।
उन्होंने किसानों से मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि किसानों को पोर्टल पर अपनी फसल का सही ब्योरा दर्ज करवाना चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
DDO बोले- कम प्रीमियम पर मिलता है फसल बीमा
विभाग के DDO गिरीश नागपाल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को निर्धारित प्रीमियम पर फसल का बीमा मिलता है। प्राकृतिक आपदा और योजना के तहत कवर होने वाले नुकसान की स्थिति में पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विभाग गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं के बारे में जागरूक कर रहा है। पराली प्रबंधन और फसल बीमा जैसी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए विभाग कोशिश कर रहा है।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए किसान, मजदूर, व्यापारी और समाज के हर वर्ग का विकास जरूरी है। किसान देश का अन्नदाता है और खाद्य सुरक्षा में उसकी सबसे अहम भूमिका है। इसलिए किसानों का सम्मान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जरूरी है।