- पेरिस ओलिंपिक के कांस्य पदक विजेता, अब एशियन गेम्स पर नजर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : झज्जर के अखाड़े से निकलकर पेरिस ओलिंपिंक में देश के लिए पदक जीतने वाले युवा पहलवान अमन सहरावत को एस्पेक्ट स्पोर्ट्स ने अपना पहला खेल ब्रांड एंबेसडर बनाया है। संगठन और अमन सहरावत के बीच बहुवर्षीय साझेदारी की घोषणा की गई है। इसे एस्पेक्ट स्पोर्ट्स की भारतीय कुश्ती और खेल प्रतिभाओं के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता के अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
23 वर्षीय अमन सहरावत ने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में अपनी अलग पहचान बनाई है। पेरिस 2024 ओलिंपिंक में उन्होंने पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। इससे पहले वर्ष 2022 में वे अंडर-23 विश्व चैंपियन बनने वाले भारत के पहले पहलवान बने थे। इसके बाद 2023 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया।
अब अगली चुनौती एशियन गेम्स
अमन सहरावत अब अपने करियर के अगले चरण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। एस्पेक्ट स्पोर्ट्स के साथ हुई यह साझेदारी उनके आगामी प्रतिस्पर्धी सफर में सहयोग करेगी। इसमें 2026 एशियन गेम्स के साथ-साथ लॉस एंजेलिस 2028 ओलिंपिंक में भारत का प्रतिनिधित्व करने की उनकी महत्वाकांक्षा भी शामिल है। एस्पेक्ट स्पोर्ट्स के साथ अमन का जुड़ाव नया नहीं है। वह संगठन की प्रो रेसलिंग लीग से जुड़ी फ्रेंचाइजी टाइगर्स ऑफ मुंबई दंगल्स के लिए खिलाड़ी और टीम कप्तान के रूप में भी प्रतिस्पर्धा कर चुके हैं। अब खिलाड़ी से संगठन के पहले खेल ब्रांड एंबेसडर तक का उनका सफर इस रिश्ते को एक नई दिशा देगा।
खिलाड़ियों तक पहुंचेगा खेल पारिस्थितिकी तंत्र
एस्पेक्ट स्पोर्ट्स विभिन्न खेल प्रारूपों और खेल संपत्तियों के माध्यम से अपना व्यापक खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहा है। संगठन की गतिविधियों में प्रो रेसलिंग के साथ-साथ इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग, प्रो गोविंदा लीग जैसी खेल पहलों और टीमों से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं।
अमन सहरावत को पहला खेल ब्रांड एंबेसडर बनाने के साथ संगठन अब अपने खेल नेटवर्क को टीमों और लीगों से आगे बढ़ाकर खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं तक ले जाने की दिशा में काम कर रहा है।
2024 में मिला था अर्जुन पुरस्कार
अमन सहरावत की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें वर्ष 2024 में अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। अखाड़े से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की उनकी कहानी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन की मिसाल है।
एस्पेक्ट स्पोर्ट्स के साथ यह बहुवर्षीय साझेदारी अमन के प्रतिस्पर्धी करियर के अगले चरण में जारी रहेगी। आने वाले समय में उनकी नजर एशियन गेम्स और लॉस एंजेलिस 2028 ओलिंपिंक पर होगी।