- सेना में हवलदार, ग्रामीणों ने जताई खुशी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : 2026 एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाले पानीपत के खिलाड़ी अंकित जागलान रविवार देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां परिवार और ग्रामीणों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। बेटे की इस उपलब्धि पर पिता सुल्तान सिंह, मां अनीता देवी और भाई सोनू जागलान समेत परिवार के अन्य सदस्य एयरपोर्ट पहुंचे थे।
गांव से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने खिलाड़ी का स्वागत करने पहुंचे। अंकित जागलान पानीपत जिले के नौल्था गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। वह भारतीय पुरुष कबड्डी टीम में ऑलराउंडर की भूमिका में शामिल रहे।
उनकी टीम ने 26 सितंबर को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स के कबड्डी फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स के पुरुष कबड्डी में अपना नौवां स्वर्ण पदक हासिल किया।
12 सदस्यीय टीम का हिस्सा रहे अंकित
स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में पवन सहरावत, असलम इनामदार, आशु मलिक, अयान लोहचब, देवांक दलाल, अर्जुन देशवाल, सुनील कुमार, जयदीप दहिया, राहुल सेठपाल, सुमित सांगवान, गौरव खत्री और अंकित जागलान शामिल रहे। टीम ने पूरे एशियन गेम्स अभियान में शानदार प्रदर्शन करते हुए अजेय रहते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अंकित समेत टीम के आठ खिलाड़ी पहली बार एशियन गेम्स में उतरे थे।
10 साल की उम्र में शुरू किया था कबड्डी खेलना
अंकित ने करीब 10 वर्ष की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने सोनीपत स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) सेंटर में प्रशिक्षण लिया। मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और प्रो कबड्डी लीग में पटना पाइरेट्स की ओर से भी खेल चुके हैं। खेल के साथ उन्होंने भारतीय सेना में भी सेवाएं जारी रखीं।
परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल
अंकित के एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर नौल्था गांव में भी खुशी का माहौल है। दिल्ली एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। परिवार के लिए यह पल इसलिए भी खास रहा क्योंकि गांव का खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक लेकर घर लौट रहा है।