- कुरुक्षेत्र में चढ़ूनी ने मीटिंग बुलाई, स्टेट हाईवे पर डटे प्रदर्शनकारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में धान की सरकारी खरीद शुरू न होने पर किसान आज भी GT रोड जाम करने की कोशिश कर सकते हैं। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन और BKU टिकैत ने चढ़ूनी ग्रुप को समर्थन दिया है।
बुधवार सुबह कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में किसान नेताओं के घर पुलिस की टीमें पहुंचीं। कुरुक्षेत्र में दो किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया।
किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी की अध्यक्षता में किसान शाहाबाद में बराड़ा हाईवे (स्टेट हाईवे-4) पर बैठे हैं। मंगलवार को प्रशासन और किसानों के बीच 2 दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल।
प्रशासन ने 25 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने का प्रस्ताव दिया था, जिसे चढ़ूनी ने मानने से इनकार कर दिया। चढ़ूनी ने आज अन्य किसान संगठनों को बैठक के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों के साथ बैठक के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। GT रोड जाम करने को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी।
जानिए कहां-कहां किसान नेता हिरासत में…
कुरुक्षेत्र: भगत सिंह यूनियन के जिला प्रधान संजू नंबरदार और प्रदेश महासचिव संजीव आलमपुर को पुलिस ने डिटेन कर लिया। जिला महासचिव दिलबाग सिंह को भी पुलिस डिटेन करने पहुंची, लेकिन वे चकमा देकर फरार हो गए।
पानीपत: किसान नेता एवं उग्राखेड़ी के पूर्व सरपंच बिंटू मलिक को पुलिस ने सुबह ही हाउस अरेस्ट कर लिया।
करनाल: रात करीब 12 बजे BKU करनाल के आईटी सेल के राज्य अध्यक्ष संदीप के घर CIA स्टाफ की टीम पहुंची। आरोप है कि CIA स्टाफ के कर्मचारियों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ बदतमीजी की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।