September 21, 2026
21 sep 10
  • ड्राइंग तैयार, डी-फार्मा कोर्स शुरू करने की तैयारी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पटिकरा में जल्द ही आयुर्वेदिक फार्मेसी की स्थापना की जाएगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग ने ड्राइंग तैयार कर ली है। करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से फार्मेसी भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की जानी है।

फार्मेसी का निर्माण कॉलेज के अस्पताल भवन के पीछे खाली जगह पर प्रस्तावित है। फार्मेसी शुरू होने के बाद कॉलेज में ही आयुर्वेदिक दवाओं का निर्माण किया जा सकेगा। इससे दवाओं के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भरता कम होगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार तैयार होने वाली दवाओं की आपूर्ति जरूरत के अनुसार अन्य आयुर्वेदिक अस्पतालों में भी की जा सकेगी।

छात्रों को मिलेगा दवा बनाने का प्रशिक्षण

फार्मेसी बनने से बीएएमएस के विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण और उनकी गुणवत्ता से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कॉलेज में ही मिल सकेगा। इसके साथ आयुर्वेदिक फार्मेसी से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है।

दो साल का कोर्स

दो वर्षीय डी-फार्मा आयुर्वेदिक पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण, गुणवत्ता जांच और वितरण से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें द्रव्य गुण विज्ञान, भैषज्य कल्पना, रस शास्त्र तथा शरीर रचना एवं क्रिया विज्ञान जैसे विषय शामिल होते हैं।

रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विद्यार्थियों के लिए आयुर्वेदिक अस्पतालों और डिस्पेंसरी में फार्मासिस्ट या कंपाउंडर के रूप में काम करने के अवसर बन सकते हैं। इसके अलावा आयुर्वेदिक दवा निर्माण कंपनियों में क्वालिटी कंट्रोल से जुड़े कार्य और खुद की आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर या फार्मेसी शुरू करने का विकल्प भी रहेगा।

फार्मेसी की ड्राइंग तैयार हो चुकी

कॉलेज के प्राचार्य श्रीनिवासन गुर्जरवाल ने बताया कि फार्मेसी की ड्राइंग तैयार हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि फार्मेसी बनने से कॉलेज दवाओं के मामले में अधिक आत्मनिर्भर हो सकेगा और विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।