- फ्लाइट शुरू होने से बढ़ेगा कारोबार, अब मनाली पहुंचना आसान
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट और कुल्लू-मनाली के भुंतर हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। विंटर सीजन (27 अक्टूबर से मार्च) के तहत अब हिसार और भुंतर (कुल्लू) से जम्मू के लिए नई हवाई सेवा शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
यह उड़ान हिसार-भुंतर-जम्मू मार्ग को आपस में जोड़ेगी, जिससे वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं और कुल्लू-मनाली घूमने आने वाले पर्यटकों को सीधा फायदा मिलेगा। डीजीसीए (DGCA) और स्थानीय एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एलायंस एयर द्वारा मांगे गए नए विंटर शेड्यूल के स्लॉट को हरी झंडी दे दी है। इसके अलावा हिसार से अहमदाबाद के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू की जा रही है।
पर्यटन कारोबार को मिलेगा बड़ा उछाल
भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक सिद्धार्थ कदम ने बताया कि भुंतर से जम्मू के लिए वाया हिसार हवाई सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है। आगामी कुल्लू दशहरा और विंटर सीजन के दौरान इस नई कनेक्टिविटी से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन कारोबार में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है।
जम्मू-कश्मीर और आसपास के राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए अब मनाली पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।
डेढ़ घंटे में वैष्णो देवी का सफर पूरा
हिसार से जम्मू की सीधी फ्लाइट शुरू होने से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का 8 से 10 घंटे का लंबा और थकाऊ सफर अब घटकर महज 1.5 घंटे का रह जाएगा। वहीं अहमदाबाद के लिए फ्लाइट शुरू होने से हिसार, भिवानी और सिरसा के व्यापारियों को गुजरात के व्यापारिक केंद्रों तक सीधी पहुंच मिलेगी।
भुंतर व हिसार एयरपोर्ट का वर्तमान फ्लाइट स्टेटस…
भुंतर एयरपोर्ट (साप्ताहिक 8 उड़ानें): वर्तमान में यहाँ से हफ्ते में 5 उड़ानें दिल्ली, 2 जयपुर और 1 अमृतसर के लिए संचालित हो रही हैं। देहरादून सेवा फिलहाल अस्थायी रूप से ठप है, जबकि हेलीटैक्सी सेवा रोजाना सुचारू है।
हिसार एयरपोर्ट (साप्तिक 4 उड़ानें): हिसार से अयोध्या, दिल्ली, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट्स चल रही हैं। विंटर शेड्यूल लागू होने से इनके समय में आंशिक बदलाव संभव है।