September 16, 2026
16 sep 11
  • 2.40 क्विंटल गंधक और 47 किलो पोटाश जब्त

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  करनाल जिले के मोहिदीनपुर गांव में बंद पड़ी हेचरी में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस ने रेड की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार पटाखे, गंधक और पोटाश बरामद किया गया। फैक्ट्री में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और संचालक के पास कोई लाइसेंस या परमिट भी नहीं मिला। पुलिस के अनुसार यहां बच्चों से भी काम करवाया जा रहा था और करीब दर्जनभर लोग लेबर के तौर पर काम कर रहे थे।

बंद हेचरी में चल रहा था पटाखे बनाने का काम

पुलिस की जांच में सामने आया कि मोहिदीनपुर गांव में बंद पड़ी हेचरी को पटाखे बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां पटाखों का तैयार माल मिला। इसके अलावा कुछ पटाखे तैयार होने के बाद भी डिब्बों में पैक नहीं किए गए थे।

फैक्ट्री कैराना गांव निवासी साहिल द्वारा चलाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक साहिल के पास पटाखे बनाने या इस काम को चलाने का कोई लाइसेंस नहीं था।

पुलिस रेड में ये सामान हुआ बरामद

रेड के दौरान पुलिस ने एक कट्टा बरामद किया। जिसमें करीब 47 किलो पोटाश भरा हुआ था। इसके अलावा मौके से 2 क्विंटल 40 किलो गंधक भी बरामद किया गया। पुलिस ने पटाखों और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

बच्चों समेत दर्जनभर लोग कर रहे थे काम

एसआई हरदीप ने बताया कि फैक्ट्री बिना किसी परमिट के चलाई जा रही थी। यहां लेबर के रूप में बच्चों को भी लगाया हुआ था। फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। मौके पर करीब दर्जनभर लोग काम करते मिले।

उन्होंने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है।