- रातभर कॉपियां जांचते रहे VC और टीम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार स्थित लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) ने क्लर्क पद की लिखित परीक्षा (WTR-2023) का परिणाम रिकॉर्ड समय में जारी कर एक मिसाल कायम की है। 13 सितंबर को परीक्षा खत्म होने के महज 12 घंटे के भीतर विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरी पारदर्शी प्रक्रिया के साथ रिजल्ट घोषित कर दिया।
13 सितंबर की शाम परीक्षा समाप्त होते ही कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में परीक्षा नियंत्रक डॉ. विजय जाधव और अधिकारियों की पूरी टीम कॉपियां जांचने और परिणाम तैयार करने में जुट गई।
बता दें कि लुवास क्लर्क भर्ती में कुल आवेदन 14,039 आए थे। इसमें 6,631 अभ्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे और 7,408 अनुपस्थित रहे। हिसार शहर में बनाए गए 27 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नकल रोकने के कड़े इंतजाम किए परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या दूसरे की जगह परीक्षा देने की कोशिश को रोकने के लिए हाईटेक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। सभी अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी, बायोमीट्रिक और आईरिस स्कैनिंग की गई। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद मुख्य द्वार पर चेकिंग के बाद ही प्रवेश मिला। मोबाइल या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल रोकने के लिए सेंटर्स पर नेटवर्क जैमर लगाए गए थे।
वीसी ने खुद संभाली कमान, सुबह 4 बजे तक रुकी टीम परीक्षा के दौरान कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा और ओएसडी डॉ. रविंद्र ने कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा समाप्त होते ही कुलपति की देखरेख में कंट्रोलर डॉ. विजय जाधव और उनकी टीम परिणाम तैयार करने में जुट गई। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए कुलपति खुद सुबह 4 बजे तक यूनिवर्सिटी में डटे रहे, जिसके बाद पारदर्शी तरीके से परिणाम अंतिम रूप में तैयार हुआ।