- ठग 2018 में छोड़ चुका किराए का घर, e-KYC से मोबाइल नंबर री-वेरीफाई कराया
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : अंबाला में जाली पते और कागजातों के सहारे हासिल की गई महज एक मोबाइल सिम कार्ड की मदद से ठग ने 26 राज्यों के लोगों की जेब पर डाका डाल दिया। गृह मंत्रालय के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर जब एक ही मोबाइल नंबर के खिलाफ शिकायतों का अंबार मिला, तो अंबाला साइबर क्राइम थाना पुलिस के भी होश उड़ गए।
छापेमारी में खुला राज: 2018 में ही घर छोड़ चुका था आरोपी
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर हरियाणा) के निर्देश पर जब अंबाला साइबर पुलिस की टीम अंबाला शहर के हीरा नगर (घेल रोड) स्थित मकान नंबर 77/17/2 पर ‘सरप्राइज विजिट’ के लिए पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई। जांच में पता चला कि जिस मनोज कुमार के नाम पर यह सिम दर्ज है, वह तो 2018 में ही यह मकान छोड़कर रफूचक्कर हो चुका है।
चालबाजियां: फर्जी e-KYC से सिम एक्टिवेट और री-वेरीफाई
पुलिस के जांच अधिकारी ASI जयदेव ने बताया कि शातिर आरोपी ने 20 फरवरी 2026 को वोडाफोन (Vi) कंपनी से पुराने पते के पहचान पत्र का इस्तेमाल करके e-KYC के जरिए नया सिम कार्ड जारी करवा लिया। हद तो तब हो गई जब 3 अप्रैल 2026 को आरोपी ने बेखौफ होकर अंबाला रेलवे रोड स्थित स्टोर से इसे दोबारा री-वेरीफाई (Re-verify) भी करा लिया।
नौकरी का ‘जाल’ और दक्षिण भारत तक फैला ‘जालसाजी का नेटवर्क’
नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के आंकड़ों ने इस पूरे खेल की पोल खोल दी। आरोपी इस सिम नंबर से बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता था और उन्हें मनचाही नौकरी का झांसा देकर लाखों की साइबर चपत लगाता था। इस एक नंबर के तार दक्षिण से लेकर पूर्व तक फैले थे।
शिकायतों की लंबी लिस्ट आरोपी ने फर्जी कागजातों से ली गई सिम से 26 राज्यों में ठगी की अनेक वारदातें की है। पुलिस के अनुसार तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से कुल 26 गंभीर शिकायतें दर्ज पाई गईं।
अंबाला में केस दर्ज, जांच शुरू साइबर फ्रॉड के इस बड़े खेल को लेकर अंबाला साइबर क्राइम थाने ने 27 अगस्त 2026 को आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत FIR संख्या 84 दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस तलाश में जुटी है कि आखिर फर्जी दस्तावेजों पर सिम जारी करने वाला अंदरूनी मददगार कौन था और ठग का असली ठिकाना कहां है।