August 27, 2026
27 aug 19
  • गांव वालों को कराया भोजन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के पौली गांव में एक सैनिक के घर 45 साल बाद बेटी का जन्म हुआ है। इस अवसर पर परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ कुआं पूजन कर पूरे गांव को भोज करवाया।

सैनिक अमित मलिक ने बताया कि उनके परिवार में उनकी बेटी से पहले 45 साल पूर्व उनकी बुआ सुरेश कुमारी का जन्म हुआ था। उनकी बुआ वर्तमान में शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। अब परिवार में बेटी के जन्म से सभी परिजन बेहद प्रसन्न हैं।

परिवार नहीं मानता बेटा-बेटी में अंतर

अमित मलिक ने कहा कि उनके परिवार में बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं माना जाता। उन्होंने जोर दिया कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और माता-पिता का नाम रोशन कर रही हैं।

बेटी के जन्म को लेकर परिवार में काफी उत्साह है। इसी खुशी में कुआं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने खुशी मनाई, साथ ही कार्यक्रम में पहुंचे लोगों के लिए भोज का भी आयोजन किया गया।

बेटी की मां बोली- बेटे की तरह करेंगे परवरिश

बेटी की माता दीपिका ने कहा कि यदि बेटियों की परवरिश लड़कों की तरह की जाए तो वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं। उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी नूर की परवरिश लड़कों से भी बेहतर तरीके से करेंगी और उसे हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगी। दीपिका ने कहा कि उनकी बेटी उनके परिवार के लिए खुशी और गौरव का प्रतीक है।