- पत्नी पांच महीने की प्रेग्नेंट, 3 बहनों का इकलौता भाई था
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के हिसार में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। कैमरी रोड पुल के पास दोस्तों के साथ शराब ठेके पर गया था, जहां उसकी कुछ युवकों से बहस हो गई। जिसके बाद उसकी छाती पर चाकू से कई वार किए गए। युवक का 4-5 दिन पहले भी किसी से विवाद हुआ था।
युवक सेल्समैन का काम करता था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके 2 बच्चे हैं और पत्नी पांच महीने की प्रेग्नेंट है। खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वारदात की सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना प्रभारी मंदीप अपनी टीम के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा भिजवा दिया गया है।
जानिए, क्या है पूरा मामला…
- सेल्समैन था, शराब ठेके पर दोस्तों के साथ बैठा था: मृतक की पहचान मोहित नगर निवासी पवन यादव (32) के रूप में हुई। वो रंग-पेंट कंपनी में सेल्समैन था। वह गांव गंगवा का रहने वाला था और कई साल से मोहित नगर में परिवार के साथ रह रहा था। प्रत्यक्षदर्शी सुरेश और सन्नी के मुताबिक, वारदात से पहले पवन अपने दो दोस्तों के साथ शराब ठेके के पास बैठा था।
- युवकों के साथ हुई कहासुनीः इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर पवन और उनमें से एक युवक की कहासुनी हो गई। दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद सन्नी ने पवन से कहा कि उसका घर पास में है, वहां चलकर बैठते हैं। पवन बाइक लेकर वहां से निकल गया।
- कुछ दूर जाते ही हमला, छाती में चाकू मारा: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पवन बाइक से कुछ ही दूरी आगे गया था कि युवकों ने उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। लोगों ने कुछ युवकों को वहां से भागते देखा। पवन की छाती पर चाकू का वार था और काफी खून बह रहा था। मौके पर मौजूद लोगों और ऑटो चालक की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
- पुलिस पुराने विवाद को भी जांच में जोड़ रही: वारदात के बाद आजाद नगर थाना प्रभारी मंदीप टीम के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे। डीएसपी कमलजीत ने भी देर रात अस्पताल पहुंचकर परिजनों और घटनाक्रम की जानकारी ली। सामने आया है कि पवन का 4-5 दिन पहले भी किसी से विवाद हुआ था। पुलिस इस विवाद को हत्या की वजह से जोड़कर भी जांच कर रही है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के कारण को लेकर जांच जारी है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा भेज दिया। पवन परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई और इकलौता कमाने वाला था। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। मौत की खबर के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
SHO बोले- एक आरोपी पकड़ा, पूछताछ चल रही
आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप का कहना है कि हत्या के मामले में पुलिस ने महज कुछ घंटों बाद ही आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान सोनू पुत्र बलबीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ठेके के पास अलग-अलग बैठकर शराब पी रहे थे। दोनों का करीब एक सप्ताह पहले भी आपसी काम को लेकर झगड़ा हुआ था।
10 दिन में 5 हत्याएं, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही
पवन की हत्या को मिलाकर हिसार जिले में पिछले 10 दिन में हत्या की पांचवीं वारदात सामने आई है। इससे पहले तलवंडी रुक्का में अंतरजातीय प्रेम विवाह की रंजिश में वृद्ध महाबीर की हत्या, आदमपुर में किशोरी की कथित ऑनर किलिंग, चंदन नगर में कार वॉशिंग सर्विस सेंटर संचालक की हत्या और कोर्ट परिसर में गैंगस्टर की हत्या का मामला सामने आ चुका है। लगातार हुई इन वारदातों ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।