- पूर्व मेयर रेनू डाबला उपाध्यक्ष नियुक्त, सरकार ने पत्र किया जारी
हरियाणा सरकार की तरफ से राज्य अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है। राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री व अंबाला से सांसद रहे स्व. रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया को नियुक्त किया है, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में रोहतक से पूर्व मेयर रेनू डाबला को नियुक्ति दी है।
हरियाणा सरकार की तरफ से राज्य अनुसूचित जाति आयोग में दोनों नियुक्तियों का पत्र जारी कर दिया है। इसके बारे में सभी अधिकारियों को सूचना भेजी गई है। वहीं, नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद बंतो कटारिया व रेनू डाबला को फोन पर लगातार बधाई मिल रही है। राज्यपाल की तरफ से नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है।
बंतो कटारिया ने 2024 में लड़ा लोकसभा चुनाव
स्व. रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया ने 2024 में भाजपा की टिकट पर लोकसभा का चुनाव अंबाला सीट से लड़ा था, जिसमें वह कांग्रेस प्रत्याशी वरुण चौधरी से हार गई थी। इसके बाद भी वह अंबाला क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
प्रदेश सचिव रह चुकी रेनू डाबला
रेनू डाबला के राजनीतिक सफर की शुरूआत 2013 में हुई, जब कांग्रेस में रहते हुए पार्षद का चुनाव लड़ा और पार्षद बनने के बाद पहली मेयर भी बनी। मेयर का कार्यकाल पूरा होने के बाद रेनू डाबला ने 2018 में भाजपा ज्वाइन की और पिछले कुछ समय से प्रदेश की सचिव पद पर कार्यरत रही।
कलानौर से टिकट की रही दावेदार
रेनू डाबला कलानौर विधानसभा क्षेत्र से लगातार टिकट की दावेदार रही, लेकिन भाजपा की तरफ से टिकट नहीं दी गई। प्रदेश सचिव रहते हुए रेनू डाबला काम करती रही। अब डॉ. अर्चना गुप्ता ने नई टीम में रेनू डाबला को नहीं लिया, जिसके बाद रेनू डाबला को अब राज्य अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष बनाया गया है।