- चरखी दादरी में पौधारोपण और नशा मुक्ति अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा पुलिस की ओर से पौधारोपण एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना झोझू कलां क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाढड़ा के डीएसपी जसपाल सिंह ढिल्लो ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। डीएसपी जसपाल सिंह ढिल्लो ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए।
उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ हरियाणा पुलिस के अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
पुलिस की ओर से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशा बेचने और नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ पुलिस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।