- 80 किमी रूट पर 2200 पुलिसकर्मी, स्कूल बंद 2023 में दंगे भड़के थे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : नूंह में आज सावन के पहले सोमवार पर हिंदू संगठनों की ओर से ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर 12 बजे नल्हड़ेश्वर (नल्हड़) मंदिर से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर होते हुए सिंगार गांव स्थित श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा।
करीब 80 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के लिए 12 DSP समेत लगभग 2200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। यात्रा में लाठी-डंडे और अन्य हथियार ले जाने पर प्रतिबंध है। पंपों पर बोतल और कैन में पेट्रोल व डीजल नहीं मिलेगा। यात्रा मार्ग पर मीट की दुकानें बंद रहेंगी। एहतियात के तौर पर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि, इंटरनेट सेवा बंद नहीं की गई है।
ब्रजमंडल यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन इसलिए अलर्ट है क्योंकि साल 2023 में यात्रा के दौरान दंगे भड़क गए थे। पथराव और आगजनी में 7 लोगों की मौत हुई थी। हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को इस बार पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। वहीं, मोनू मानेसर को यात्रा में शामिल न होने की हिदायत दी गई है।
बिट्टू बजरंगी हाउस अरेस्ट
नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने घर पर हाउस अरेस्ट कर दिया है। वह आज नूंह में शिव मंदिर पर जल चढ़ाने के लिए जाने वाले थे। लेकिन पुलिस प्रशासन के द्वारा उसको परमिशन नही दी गई है। देर रात से ही पुलिस की एक टुकड़ी उनके घर के बाहर तैनात कर दी गई।
साल 2023 में नूंह में 31 जुलाई को नल्हड़ महादेव मंदिर पर जलाभिषेक यात्रा के दौरान दो समुदाय के बीच मं हिंसा हो गई थी। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव, आगजनी और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसमें 6 लोगों की मौत हुई थी जिनमें 2 होमगार्ड शामिल थे। नूंह हिंसा से जुड़े 100 से अधिक मामलों में कुल 595 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
27 स्पेशल नाके, बॉर्डर पर कड़ी चेकिंग
DC अखिल पिलानी ने बताया कि लघु सचिवालय में एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 01267-274610 शुरू किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए इस पर तुरंत संपर्क कर सके।0
SP अर्पित जैन ने बताया कि सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए जिले में कुल 27 विशेष नाके लगाए गए हैं। सभी बॉर्डर्स पर पुलिस तैनात है और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। यदि कोई भी शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी सरपंचों ने लिखित में पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरे सहयोग का भरोसा दिया है।