July 31, 2026
31 july 5
  • दिल्ली और यूपी तक फैला नेटवर्क

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में नकली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी सफलता हासिल की है। औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम-1940 के तहत अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सबसे अधिक 12 गिरफ्तारियां गुरुग्राम FDA की टीम ने की हैं।

कार्रवाई के दौरान करीब 70 लाख रुपए की नकली Mounjaro (मौनजारो) इंजेक्शन, 23 हजार नकली कैप्सूल और 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद कर अंतरराज्यीय नकली दवा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के निर्देश पर प्रदेशभर में यह विशेष अभियान चलाया गया। राज्य औषधि नियंत्रक रिपन मेहता ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को खुफिया निगरानी, सैंपलिंग, छापेमारी और त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद लगातार बड़ी सफलताएं सामने आई हैं।

70 लाख का नकली मौनजारो रैकेट: FDA गुरुग्राम ने अप्रैल 2026 में गुरुग्राम के DLF फेज-4 और सेक्टर-69 में छापेमारी कर करीब 70 लाख रुपए के नकली मौनजारो इंजेक्शन जब्त किए। इस मामले में अवि शर्मा और मुजम्मिल खान को गिरफ्तार किया गया, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। मौनजारो इंजेक्शन का उपयोग मधुमेह और वजन कम करने के उपचार में किया जाता है।

दिल्ली-यूपी तक फैले गिरोह का खुलासा: जुलाई 2026 में FDA ने नकली Telma-AM दवा की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफोड़ किया। जांच के दौरान दिल्ली के एक बिना लाइसेंस वाले थोक कारोबारी तक पहुंच बनाई गई। इस मामले में सुव्रत और बाद में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से जुबेर को गिरफ्तार किया गया। जांच में प्रसिद्ध फार्मा कंपनी की नकली Tofajak 5 mg दवा भी बरामद हुई।

323 तरह की दवाएं और नकली स्टेरॉयड मिले: FDA हरियाणा और FDA दिल्ली की संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली के एक अवैध परिसर से 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद की गईं। इनमें बड़ी मात्रा में नकली एनाबॉलिक स्टेरॉयड भी मिले, जिन्हें जिम में युवाओं को बेचा जा रहा था। विभाग का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

23 हजार नकली कैप्सूल जब्त: सरकारी विश्लेषक की रिपोर्ट के आधार पर FDA ने Rabeprazole Sodium (EC) एवं Domperidone (SR) के R Zara-DSR ब्रांड के करीब 23 हजार नकली कैप्सूल जब्त किए हैं। इनका उपयोग एसिडिटी और पेप्टिक अल्सर के इलाज में किया जाता है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Head On इंजेक्शन मामले में भी कार्रवाई तेज: Head On (Somatropin) इंजेक्शन मामले में आरोपी हरिओम को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, फरार आरोपी जतिन खन्ना की अग्रिम जमानत याचिका 20 जुलाई 2026 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।