- पेट दर्द से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :
यमुनानगर महिला थाना पुलिस ने कैथल की 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ रेप करने के आरोप में उसके रिश्ते में दूर के मामा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने जन्मदिन की पार्टी के दौरान रात में वारदात को अंजाम दिया और पीड़िता को किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पार्टी से वापस घर लौटने पर बच्ची ने पेट दर्द की शिकायत की तो मामले का पता चला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव काठगढ़ निवासी सोनू के रूप में हुई है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पार्टी के दौरान रात को किया रेप
महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि मूल रूप से कैथल जिले के थाना सीवन क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने थाना सीवन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 23 मई को उसकी देवरानी अपने रिश्तेदारों और 13 वर्षीय बेटी को लेकर यमुनानगर जिले के एक गांव में आयोजित रिश्तेदार की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आई थी।
परिवार के वापस घर लौटने के बाद बच्ची ने पेट दर्द की शिकायत की। परिजनों द्वारा पूछने पर उसने बताया कि 23 मई की रात रिश्ते में दूर के मामा सोनू ने उसके साथ पहले छेड़छाड़ की और फिर गलत काम किया। बच्ची ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसे धमकाया था कि यदि उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो वह उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा।
कैथल के सीवन थाने में दर्ज हुआ था मामला
इस शिकायत पर जिला कैथल के थाना सीवन में पॉक्सो सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके जीरो FIR दर्ज करके आगामी कार्रवाई के लिए महिला थाना यमुनानगर भेजा गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए उप निरीक्षक सुषमा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव काठगढ़ निवासी सोनू को गिरफ्तार किया।