July 17, 2026
17 july 6
  • एलिवेटेड ट्रैक का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को कुरुक्षेत्र को भी 2 बड़ी सौगात देंगे। मोदी जींद में देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम से वे कुरुक्षेत्र में बनने वाले हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे।

इसके साथ ही करीब 447 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण करेंगे। हालांकि एलिवेटेड ट्रैक पर पिछले सप्ताह ट्रेन का संचालन हो चुका है। ये प्रदेश का पहला एलिवेटेड ट्रैक है, जिस पर करीब 600 मीटर लंबा प्लेटफार्म भी बनाया है। सांसद नवीन जिंदल और BJP की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता भी कार्यक्रम में रहेंगे।

170 करोड़ से बनेगा हरियाणा का पहला सिख म्यूजियम

दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर उमरी रोड के पास करीब 5 एकड़ जमीन पर आधुनिक सिख म्यूजियम बनाया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 170 करोड़ रुपए खर्च होंगे। म्यूजियम का निर्माण आधुनिक तकनीक के साथ किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां सिख इतिहास को डिजिटल और इंटरएक्टिव तरीके से समझ सकें।

सभी सिख गुरुओं का दिखेगा इतिहास

इस म्यूजियम में प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी से लेकर दशम पातशाही गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तक के जीवन, उनकी शिक्षाओं, उनके संघर्ष और उनकी वाणी को इंटरएक्टिव गैलरी, ऑडियो-वीडियो शो और डिजिटल तकनीक के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। 2 मंजिला म्यूजियम हाईवे से भी दिखेगा।

15 मीटर ऊंचा घूमता खंडा होगा आकर्षण

म्यूजियम की सबसे बड़ी पहचान इसका आधुनिक डिजाइन होगा। भवन के ऊपर स्टील से बना विशाल पगड़ीनुमा स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। वहीं परिसर में 15 मीटर ऊंचा धातु का घूमता हुआ खंडा साहिब स्थापित किया जाएगा, जो दूर से ही लोगों का ध्यान आकर्षित करेगा।

रिसर्च सेंटर से लेकर लाइब्रेरी तक होंगी आधुनिक सुविधाएं

संग्रहालय परिसर में सिख इतिहास पर शोध के लिए रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा लाइब्रेरी, प्रशासनिक कार्यालय, ऑडिटोरियम, ओपन एयर थिएटर और म्यूजिकल फाउंटेन भी विकसित किए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए 75 कारों की स्टिल्ट पार्किंग भी बनाई जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट को पूरा होने में करीब 3 साल का समय लगेगा।

447 करोड़ का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का औपचारिक लोकार्पण आज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना का शिलान्यास 22 अगस्त 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था। कई वर्षों के निर्माण कार्य के बाद अब यह ट्रैक जनता के लिए शुरू किया जा रहा है।

हरियाणा का दूसरा एलिवेटेड ट्रैक, पहला एलिवेटेड प्लेटफॉर्म

कुरुक्षेत्र का यह एलिवेटेड रेलवे ट्रैक हरियाणा का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक है। वहीं इस परियोजना के तहत प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म भी बनाया गया है। यह प्लेटफॉर्म करीब 600 मीटर लंबा है। हालांकि स्टेशन भवन और टिकट घर का कुछ कार्य अभी बाकी है।

रेलवे फाटक खत्म होंगे, जाम से मिलेगी राहत

एलिवेटेड ट्रैक शुरू होने के बाद शहर के 5 रेलवे फाटक बंद कर दिए गए। 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक के बनने से झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, LNJP अस्पताल के सामने और थर्ड गेट फाटक को हटा दिया गया है। अब इन फाटक पर ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिल रही है।