July 9, 2026
9 july 15
  • बच्चे स्कूल गए, मुआवजे की मांग

हरियाणा   ब्रेकिंग न्यूज :  करनाल जिले के गांव मुनक में हुई भारी बारिश के कारण एक दिव्यांग व्यक्ति के मकान की छत गिर गई। हादसा उस समय हुआ जब मकान मालिक और उसकी पत्नी छत पर बरसाती पॉलीथिन डालने के लिए चढ़े हुए थे। उनके मकान की छत पहले से ही टपक रही थी।

जैसे ही दोनों ऊपर पहुंचे, छत की कई कड़ियां अचानक टूट गईं और पूरी छत भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि उस समय घर के अंदर कोई नहीं था। बच्चे स्कूल जा चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगर यह घटना रात के समय होती और परिवार के सदस्य अंदर सो रहे होते, तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।

दोनों पति-पत्नी भी हैं दिव्यांग, बाल-बाल बचे

बुधवार को हादसे के वक्त सुखबीर और उसकी पत्नी छत पर ही मौजूद थे। दोनों शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं, फिर भी किसी तरह खुद को संभालते हुए नीचे आए और उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि छत काफी जर्जर हालत में थी और बारिश के चलते अचानक ढह गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार की मदद की।

दिहाड़ी मजदूरी कर पाल रहा परिवार

सुखबीर का कहना है कि वह बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता है। वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करता है। महंगाई के इस दौर में जहां सामान्य व्यक्ति के लिए भी घर चलाना मुश्किल हो रहा है, वहीं दिव्यांग दंपती के सामने और भी बड़ी चुनौती है। परिवार के पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं है। ऐसे में घर की छत गिरने से उनकी स्थिति और भी खराब हो गई है।

सामान हुआ खराब, मुआवजे की मांग

छत गिरने से घर के अंदर रखा बेड और अन्य सामान मलबे और पानी में भीगकर खराब हो गया। परिवार के पास अब रहने और सोने तक की व्यवस्था नहीं बची है। पीड़ित सुखबीर ने शासन और प्रशासन से आर्थिक सहायता व मुआवजे की मांग की है, ताकि वह अपने घर की मरम्मत करा सके और परिवार को सुरक्षित रख सके।