- CRS से मंजूरी के बाद भी काम अधूरा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र में आज (गुरुवार) को एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर ट्रेन का होने वाला ट्रायल टाल दिया गया है। अब यह ट्रायल 2 दिन बाद होने की संभावना है। हालांकि BJP के नेता 9 जुलाई को ट्रैक पर ट्रायल होने का दावा करते रहे, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने उनके दावे की हवा निकाल कर रख दी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अभी एलिवेटेड ट्रैक का काफी काम बकाया है। इस काम को पूरा होने में 1 से 2 दिन का समय लग सकता है। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो 10 जुलाई या उसके बाद एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रायल हो सकता या फिर सीधे ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
CRS पहुंचे चेकिंग करने
कल बुधवार को CRS दिनेश चंद देशवाल ने अंबाला मंडल के DRM और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एलिवेटेड ट्रैक की अंतिम जांच की। जांच के लिए यूपी के हापुड़ से मंगवाई गई 8 विशेष ट्रॉलियों का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने पूरे ट्रैक पर स्लो स्पीड से चलकर सारी टेक्निकल और सेफ्टी को बारीकी से परखा।
आज रात शुरू होगा जरूरी काम
अब CRS की मंजूरी के बाद पुरानी और नई रेलवे लाइन को जोड़ने का बड़ा काम शुरू होगा। आज गुरुवार रात दिल्ली से लाई गई स्पेशल मशीनों की मदद से जमीन पर बिछी पुरानी पटरियों को काटकर एलिवेटेड ट्रैक की पटरियों से जोड़ा जाएगा। इस काम में 1-2 दिन का समय लग सकता है।
10 घंटे बंद रहेगा नरवाना ट्रैक
इस काम के लिए कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल रेलवे लाइन को 8 से 10 घंटे तक ब्लॉक किया जाएगा। इसी दौरान ट्रैक को पूरी तरह जोड़ने का टारगेट रखा गया है। इस काम पूरा होने के बाद नीचे की पुरानी रेलवे लाइन को हटाने काम शुरू होगा। उसके बाद नए एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन से किया जाएगा।
6 किलोमीटर ट्रैक की व्यवस्था जांची
CRS ने गांधी नगर से लेकर मिर्जापुर गांव के पास रेलवे के 79/19 किलोमीटर प्वाइंट तक 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक की क्वालिटी, सेफ्टी स्टैंडर्ड, रेल संचालन से जुड़ी टेक्निकल सिस्टम और पूरे रूट की जांच की गई। इस दौरान पांचों रेलवे फाटक, एलिवेटेड ट्रैक की ऊंचाई, पुलियों की स्थिति और नीचे से गुजरने वाले रास्तों को देखा गया।
रेलवे स्टेशन और टिकट घर भी देखा
इसके अलावा स्टेशन परिसर, टिकट घर, प्लेटफॉर्म और स्टेशन की बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया गया, ताकि संचालन से पहले किसी तरह की तकनीकी कमी न रहे। हालांकि अभी ट्रैक का काम अधूरा है। अब 10 जुलाई से एलिवेटेड ट्रैक पर नियमित रेल संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन
कुरुक्षेत्र जंक्शन के स्टेशन मास्टर शंकर लाल मीणा ने बताया कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन 17 जुलाई को प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से जींद से करेंगे। हालांकि उद्घाटन से पहले ही ट्रैक पर ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को नई सुविधा का लाभ मिल सके।
शहर को मिलेगा बड़ा फायदा
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक शुरू होने के बाद शहर के बीच पड़ने वाले 5 रेलवे फाटक झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, LNJP अस्पताल के सामने वाला फाटक और थर्ड गेट फाटक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी। साथ ही ट्रेनों की आवाजाही भी पहले से अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगी।
मेट्रो मॉडल जैसा स्टेशन
पुराने थानेसर रेलवे स्टेशन की जगह पर नया स्टेशन करीब-करीब बन चुका है। इसे मेट्रो स्टेशन के मॉडल जैसा आधुनिक बनाया गया है। एलिवेटेड ट्रैक के नीचे स्टेशन का स्ट्रक्चर तैयार है। ऊपर करीब 600 मीटर लंबा प्लेटफॉर्म बनाया बन रहा है।
350 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट
हरियाणा रेल इन्फ्रॉस्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HRIDC) इस प्रोजेक्ट को करीब 350 करोड़ रुपए की लागत से तैयार कर रहा है। इसमें से 250 करोड़ रुपए सिर्फ एलिवेटेड ट्रैक पर खर्च हुए हैं। अब फोकस स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर है।
मनोहर लाल ने किया था शिलान्यास
केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रोजेक्ट का शिलान्यास 22 अगस्त 2019 को तत्कालीन सीएम मनोहर लाल ने किया था। प्रदेश सरकार ने ट्रैक के लिए 136.45 करोड़ और केंद्रीय रेलवे विभाग ने 109.54 करोड़ रुपए का बजट दिया था। हालांकि प्लेटफार्म और स्टेशन बनाने के लिए उसमें 125 करोड़ रुपए का इजाफा किया गया।