- 4 और 19 जुलाई को होगी प्रवेश परीक्षा, 25 जुलाई से लगेगी कक्षाएं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री की बजट घोषणा 2026-27 के तहत सुपर-100 कार्यक्रम में 100 अतिरिक्त सीटें जोड़ दी हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए 9 जुलाई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी और चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं 25 जुलाई से शुरू होगी।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और सरकारी स्कूलों के मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि पात्र विद्यार्थियों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र इस योजना का लाभ उठा सकें।
स्कूलों को दिए विशेष निर्देश
शिक्षा निदेशालय ने कहा है कि सभी स्कूल पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी दें और अधिकतम आवेदन करवाएं। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर योग्य छात्र तक इसकी सूचना पहुंचाई जाए। वहीं हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 9वीं और 11वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा अंक ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक बढ़ा दी है।
पहले यह अंतिम तिथि 7 जुलाई थी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन संबद्ध विद्यालयों ने अभी तक अंक अपलोड नहीं किए हैं, वे अब 24 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
समय पर अंक अपलोड नहीं करने पर कार्रवाई
बोर्ड ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक अंक अपलोड नहीं करने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं की आगामी वार्षिक परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। तकनीकी सहायता के लिए विद्यालय बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 और 01664-254302 पर कार्य दिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।