July 2, 2026
1 july 3
  • CJM को बुलाया गया

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के हिसार में अर्बन एस्टेट थाने में एक युवक की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस की टीम युवक को पत्नी से मारपीट की शिकायत के बाद पकड़कर लाई थी। बुधवार सुबह वह लॉकअप में मृत मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अभी डेडबॉडी लॉकअप में ही रखी हुई है। CJM को मौके पर बुलाया गया है। उनके पहुंचने के बाद ही लॉकअप से शव को बाहर निकाला जाएगा।

चिकन कॉर्नर चलाता था सुनील
मृतक की पहचान मच्छी मार्केट में चिकन कॉर्नर चलाने वाले सुनील (30) के रूप में हुई है। सुनील का अपनी पत्नी संध्या के साथ विवाद चल रहा था। मंगलवार को संध्या ने अर्बन एस्टेट पुलिस को सूचना दी थी कि पति उससे मारपीट कर रहा है। शिकायत के बाद पुलिस सुनील को पकड़कर थाने ले आई।

पत्नी बोली- मारने की कोशिश कर चुका

मृतक की पत्नी संध्या ने कहा कि उसका पति सुनील उसके साथ रोजाना मारपीट करता था। एक दिन उसने उसे छत से धक्का देकर मारने की भी कोशिश की थी। इस संबंध में वह पहले भी पुलिस को शिकायत दे चुकी थी, लेकिन पुलिस हर बार उसे पकड़कर छोड़ देती थी।

थाने की बैरक में दो अन्य हवालाती भी थे

पुलिस के अनुसार, जब सुनील को लॉकअप में बंद किया गया, उस समय बैरक में दो अन्य हवालाती भी मौजूद थे। दोनों का कहना है कि रात के समय सुनील बाथरूम जाने के लिए उठा था। इसके बाद वह वापस आकर सो गया। सुबह जब उसे जगाने की कोशिश की गई तो वह नहीं उठा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

थाना प्रभारी बोले- जांच कर रहे

अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि हवालात में बंद सुनील कुमार की मौत हो गई है। मंगलवार रात उसका मेडिकल कराने के बाद उसे लॉकअप में रखा गया था। बुधवार सुबह वह मृत मिला। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।