- पांवटा साहिब में सिख जत्थेबंदियों और स्थानीय पक्षों बनी सहमति
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में पार्किंग विवाद के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति आखिरकार शांत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम के समाधान में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सक्रिय पहल और उनके राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी की मध्यस्थता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से दूरभाष पर बातचीत कर मामले के शांतिपूर्ण समाधान का आग्रह किया, जिसके बाद शनिवार को पांवटा साहिब में दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित हुआ और विवाद सुलझ गया।
शुक्रवार को हुई मुख्यमंत्री से सिख प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में उत्पन्न हालात को लेकर सिख जत्थेबंदियों का एक प्रतिनिधिमंडल, जिसकी अगुवाई बाबा मेजर सिंह सोढ़ी कर रहे थे, शुक्रवार शाम हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला। इस मुलाकात की व्यवस्था मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने कराई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने तरुण भंडारी को निर्देश दिए कि वे स्वयं सिख जत्थेबंदियों के साथ उत्तराखंड जाकर दोनों पक्षों से संवाद स्थापित करें।
पांवटा साहिब पहुंचकर कराया समाधान
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शनिवार सुबह तरुण भंडारी बाबा मेजर सिंह सोढ़ी के साथ पांवटा साहिब पहुंचे, जहां सिख जत्थेबंदियों, सामाजिक संगठनों तथा संबंधित पक्षों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव अंग्रेज सिंह रानियां,संयुक्त सचिव बलविंदर सिंह भींडर सदस्य गुरनाम सिंह लाड़ी, मेजर सिंह, कुलदीप सिंह फग्गू, गुरदीप सिंह धनोली,हरमनदीप सिंह,कमलदीप सिंह एजराना मौजूद रहे। बातचीत के बाद सभी पक्षों ने भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद को आपसी संवाद और प्रशासनिक सहयोग से सुलझाने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सिख जत्थेबंदियों की ओर से एक हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक किया जाएगा, जिस पर किसी भी प्रकार की शिकायत तुरंत दर्ज कराई जा सकेगी। इसी प्रकार उत्तराखंड के सामाजिक संगठन भी अपना संपर्क नंबर जारी करेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन तक पहुंचाई जा सके और समय रहते कार्रवाई हो।