- 500-500 लीटर की 3 टंकियां निकालीं
हरियाणा के कैथल में कच्ची शराब तैयार करने और लाहण (रॉ-मटेरियल) को छिपाने का बेहद शातिर तरीका सामने आया है। एक व्यक्ति ने बेडरूम में बेड के नीचे ही 500-500 लीटर की 3 टंकियां दबाकर लाहण से भर रखी थी।।
इन टंकियों के ऊपर टाइल्स लगवा रखी थी। मंगलवार को सिटी थाना पुलिस ने आरोपी के घर रेड मारी। बेडरूम की तलाशी ली गई, तो फर्श का कुछ हिस्सा खोखला महसूस हुआ। इसके बाद पुलिस खुद ही छैनी-हथौड़ा लेकर टाइल तोड़ने लगी।
फर्श के नीचे पुलिस को तीनों टंकियों से करीब 400 लीटर लाहण बरामद हुई है। सिटी थाना SHO का कहना है- मामले में आरोपी अमरीक उर्फ जोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों टंकियों को भी नष्ट कर दिया गया है।
गांव में लाहण की सूचना मिली
सिटी थाना एसएचओ गीता ने बताया कि मंगलवार को कैथल सिटी एरिया के डेरा गरजा सिंह एरिया में कच्ची शराब बनाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अमरीक उर्फ जोनी के घर की तलाशी ली।
फर्श के नीचे मिली टंकी
एसएचओ ने आगे बताया कि जैसे ही पुलिस टीम उसके बेडरूम की तलाशी ले रही थी, वहां फर्श में एक गैप दिखाई दिया। फर्श में कुछ खोखली आवाज भी आ रही थी। इसी दौरान वहां से कुछ टाइल हटाकर देखी गई तो फर्श के नीचे लाहण से भरा टैंक मिला।
लाहण-टंकियां नष्ट की
इसके बाद पुलिस ने जोनी के दूसरे घर की भी तलाशी ली। कुछ खोखली आवाज आई तो पुलिस ने खुद टाइल तोड़नी शुरू कर दी। यहां भी कमरे में फर्श के नीचे 2 टंकियां दबाई गई थी। इन तीनों टंकियों में 400 लीटर लाहण भरी हुई थी। पुलिस ने मकान से बरामद हुई 400 लीटर लाहण और तीनों टंकियों को भी नष्ट कर दिया।
फर्श उखाड़कर दबाई टंकियां
शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि आरोपी ने 2 मकानों के कमरों का फर्श उखाड़कर उसके नीचे 500-500 लीटर क्षमता की प्लास्टिक की टंकियां दबा रखी थीं। टंकियों में कच्ची शराब तैयार करने का सामान भरा हुआ था।
आपराधिक रिकॉर्ड जाचेंगे
एसएचओ गीता के अनुसार, इन टंकियों को पूरी तरह छिपाने के लिए ऊपर दोबारा टाइलें लगवाई गई थीं। उन पर बेड व चारपाइयां बिछा दी गई थीं, ताकि किसी को नीचे छिपे अड्डे की भनक न लगे। आरोपी अमरीक के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। बरामद हुई लाहण से करीब 250 लीटर कच्ची शराब बनाई जा सकती थी।