June 20, 2026
20 jun 4
  • मारपीट करने पर FIR, वीडियो हुई वायरल

ह​रियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बोन कैंसर से जूझ रहे युवक के साथ लाडवा थाने में मारपीट करने के मामले में आरोपी पुलिसकर्मी और होमगार्ड को सस्पेंड कर दिया गया। आरोपी ASI संजीव कुमार व राजेंद्र कुमार और होमगार्ड सुमित के खिलाफ गाली-गलौज व मारपीट करने पर FIR दर्ज की गई है। साथ ही एक SIT का बनाई गई।

यह SIT युवक के साथ कुकर्म करने के आरोप की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद कुकर्म करने के मामले में एक्शन लिया जाएगा। बीती रात SP चंद्र मोहन लाडवा थाने पहुंचे थे। उन्होंने यहां दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों से पूछताछ भी की। युवक का कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, नाके पर बहसबाजी का वीडयो भी सामने आया।

युवक का चल रहा इलाज
SP ने थाने में कमरा नंबर 4 का निरिक्षण भी किया। युवक ने आरोप लगाया कि इसी कमरे में उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज के बाद पुलिसकर्मियों ने कुकर्म किया। उसके बाद उसे छोड़ दिया गया। अगले दिन नहाते समय उसकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल पीड़ित युवक का LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा है।

संजीव थाने में रहा मुंशी

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ASI संजीव कुमार थाना लाडवा में काफी समय से तैनात थे। संजीव कुमार इस थाने में बतौर मुंशी भी तैनात रहे। कुछ समय पहले ही संजीव को ASI प्रमोट किया था। ASI प्रमोट होने के बाद संजीव से मुंशी का चार्ज वापस ले लिया गया और जांच अधिकारी के रूप में तैनात किया गया।

विजिलेंस से थाने में ट्रांसफर

आरोपी ASI राजेंद्र कुमार की कुछ समय पहले थाना लाडवा में ट्रांसफर हुई थी। इससे पहले राजेंद्र कुमार जिला करनाल में विजिलेंस में तैनात थे, जबकि आरोपी होमगार्ड सुमित की पुलिस नाके पर ड्यूटी थी। आरोपी होमगार्ड सुमित ने 17 जून को पीड़ित युवक को इंद्री रोड पर लगे नाके पर रोका था। यही से सारा विवाद शुरू हुआ।

नाके का वीडियो आया सामने

जिस नाके पर पीड़ित को रोका गया था, उसका वीडियो भी सामने आया है। इस 16 सेकेंड के वीडियो में पीड़ित बाइक पा बैठा है और नाके पर एक कर्मी बोल रहा कि बार-बार कहने पर भी ये परना नहीं हटा रहा है। साथ ही धमकी भी दे रहा है। देख को कहने के बाद भी इसने परना नहीं हटाया।

ड्यूटी से लौटते समय होमगार्ड ने रोका

युवक ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी बाईं टांग में बोन कैंसर है और वह कीमोथेरेपी करा रहा है। हाल ही में हुई कीमोथेरेपी के कारण उसके शरीर के बाल झड़ चुके हैं। 17 जून की रात वह बैंक की ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। उसने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था, जिसे होमगार्ड ने हटा दिया।

ASI ने पी रखी थी शराब

युवक का आरोप है कि कुछ देर बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। जिस गाड़ी में पुलिसकर्मी आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। गाड़ी से उतरे पुलिसकर्मियों में से एक ने शराब पी रखी थी। आते ही उसने उसे थप्पड़ मार दिया।

वीडियो बनाने पर फोन छीना

इसके बाद उसने अपने मोबाइल से पुलिसकर्मी की वीडियो बनानी शुरू कर दी। तभी पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल छीन लिया। एक पुलिसकर्मी करनाल का रहने वाला है और उसे पहले से जानता था। उक्त पुलिसकर्मी पहले उससे पैसे मांग चुका था, लेकिन उसने पैसे देने से इनकार कर दिया था।

थाने ले जाकर की मारपीट

युवक ने बताया कि इसके बाद उसे जबरन लाडवा थाने ले जाया गया और उसकी बाइक को इंपाउंड कर दिया गया। थाने में उसे पहले करीब आधे घंटे तक बैठाकर रखा गया। बाद में रात के समय उसे कमरा नंबर-4 में ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद दो ASI और एक होमगार्ड ने उसके कपड़े उतरवाए और उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

कहा- इसकी टांगें तो लड़कियों जैसी

युवक के अनुसार, उसने पुलिसकर्मियों को बताया था कि उसे कैंसर है और उसकी टांग में चोट न पहुंचाई जाए। इस पर पुलिसकर्मियों ने कहा कि वे उसे दिखाई देने वाली चोट नहीं, बल्कि गुम चोट मारेंगे। इसके बाद उन्होंने कैंसर वाले हिस्से को जूतों से रगड़ा।

इलाज से झड़ चुके बाल

कीमोथेरेपी के कारण उसकी टांगों के बाल झड़ चुके थे। इसे देखकर पुलिसकर्मियों ने टिप्पणी की, “इसके पट्ट (टांगें) तो लड़कियों जैसे हैं।” इसके बाद उसके साथ गलत हरकत की गई। बाद में उसके परिजनों को थाने बुलाया गया और उसे उनके हवाले कर दिया गया।

ब्लीडिंग होने पर डॉक्टर के पास पहुंचा

युवक ने बताया कि अगले दिन नहाते समय उसे ब्लीडिंग होने लगी। शर्म और डर के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया। हालांकि, जब तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो परिवार को पूरी जानकारी दी। तब परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाडवा लेकर पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया।

देर रात तीनों पर एक्शन- चंद्र मोहन

SP चंद्र मोहन ने बताया कि आरोपी पुलिस कर्मी ASI संजीव कुमार, ASI राजेंद्र कुमार और होमगार्ड सुमित को सस्पेंड कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला भी दर्ज किया गया। साथ ही कुकर्म करने के मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। उसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।