June 15, 2026
15 june 13
  • गुरुग्राम में सड़कों पर पानी भरा, भिवानी में 100 मीटर ऊंचा बवंडर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट में तेज धूप के बाद काली घटाएं छा गई हैं। हांसी में हल्की बारिश के साथ ओले गिरे। हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नारनौल, रेवाड़ी, सोनीपत और पानीपत में आंधी-तूफान चल रहा है। भिवानी के सिवानी में धूल का करीब 100 मीटर ऊंचा बवंडर दिखाई दिया। सोनीपत, फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हांसी और सिरसा में बारिश हुई। गुरुग्राम में सड़कों पर बारिश का पानी भर गया। मौसम विभाग ने 15 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दो दिन मौसम साफ रहने के बाद औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री कम बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।

इन जिलों में हुई बारिश…

सोमवार सुबह सोनीपत में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। ग्रमीण एरिया में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही गुरुग्राम में भी तेज बारिश हुई। इससे सेक्टर- 31 की सड़कों पर पानी भर गया। दोपहर होते- होते फतेहाबाद और सिरसा के डबवाली में बारिश हुई।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में हल्की बारिश की संभावना जताई है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात (नूंह), पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में आंधी का अलर्ट जारी किया है।

भिवानी, रोहतक समेत 5 जिलों में आंधी

सुबह बारिश के बाद दोपहर बाद सोनीपत में आंधी शुरू हो गई। हांसी में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इसके साथ ही भिवानी के सिवानी में धूल भरा बवंडर चला। नारनौल, रेवाड़ी, हिसार, रोहतक, सिरसा, पानीपत में भी धूलभरी आंधी चल रही है।

अधिकतम तापमान 40°C रहा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को रोहतक 41°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। महेंद्रगढ़ में 37.2 डिग्री, नारनौल में 39.0 डिग्री, भिवानी में 39.5 डिग्री, हिसार में 38.6 डिग्री और गुरुग्राम में 37.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

फिलहाल हीटवेव की स्थिति नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी के बाद भी फिलहाल प्रदेश में हीटवेव जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि आने वाले दिनों में पारा तेजी से बढ़ने के कारण लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।