June 11, 2026
11 june 18
  • सड़क किनारे पड़े पाइपों से टकराई, टायर फटने से हुआ हादसा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :
जींद जिले के उचाना में दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात बड़ौदा गांव के पास बारातियों की आर्टिका कार का टायर फटने से हादसा हो गया। इस दुर्घटना में नौ युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की मौत हो गई। कार सड़क किनारे रखे पाइपों से जा टकराई थी।

यह आर्टिका कार छात्तर गांव से बड़ौदा जा रही एक बारात का हिस्सा थी। कार में कुल नौ युवक सवार थे। छात्तर गांव में मोहित की शादी थी और ये सभी बारात में जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उचाना नागरिक अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, दो युवकों ने दम तोड़ दिया था।

घायलों को हिसार ले गए परिजन

मृतकों की पहचान छात्तर गांव के अंकुश और करसिंधु गांव के दीपक के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल अन्य युवकों को परिजनों द्वारा हिसार के अस्पताल में बेहतर उपचार के लिए ले जाया गया। हिसार के जिंदल अस्पता में जिन घायलों का इलाज चल रहा है, उनमें मनीष (उम्र 23 साल) पुत्र रोहताश, अंकित (उम्र 22) पुत्र सज्जना, आशु (उम्र 23) पुत्र महेन्द्र,तथा काला (उम्र 25) पुत्र राममेहर सभी निवासी गांव छात्तर शामिल हैं।

थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार का टायर फटने से ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया, जिस कारण गाड़ी सड़क किनारे रखे पाइपों से टकरा गई। हादसे के कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है।