- एक्सिडेंट दिखाया, पुरानी रंजिश में वारदात
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :
हरियाणा के पानीपत स्थित समालखा में ट्रिपल मर्डर कर दिया गया। तीन लोगों पर 100KM की रफ्तार से स्कॉर्पियो चढ़ाकर मार दिया गया। मृतकों में दो दोस्त और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। तीनों को पुरानी रंजिश के चलते कुचला गया।
हत्या को हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने एक्सिडेंट दिखाया। वारदात बुधवार की रात करीब 8:45 बजे डिकाडला-आटा रोड पर हुई।
जानकारी के अनुसार, गांव डिकाडला निवासी नरेंद्र सिंह (46) और विनोद (48) स्कूटी पर खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें अनिप गाहल्याण (36) मिल गए। तीनों खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे, तभी आटा की तरफ से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र और अनिप की मौके पर ही मौत हो गई। विनोद ने पानीपत ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों मृतक शादीशुदा थे। नरेंद्र खेतीबाड़ी के साथ प्रॉपर्टी का भी काम करते थे, जबकि अनिप ने बी-टेक किया हुआ था।
परिजनों ने इसे साजिश बताते हुए गांव के ही कुछ लोगो पर रंजिश के चलते हत्या के आरोप लगाए है। वहीं, इस मामले में समालखा DSP नरेंद्र कादियान ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या के मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी है।