- 16 जून को बड़े प्रदर्शन की तैयारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : चंडीगढ़ में किराया बढ़ाने की मांग को लेकर कैब ड्राइवर आज भी हड़ताल पर रहेंगे। आज से ऑटो यूनियन भी उनके धरने में शामिल होगी। ऐसे में सवारियों की परेशानी और भी बढ़ सकती है। यह धरना सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक रहेगा। कल तक लोगों के पास कैब की जगह ऑटो और CTU बसों का विकल्प उपलब्ध था, लेकिन ऑटो चालकों के भी धरने में शामिल होने के बाद सवारियां सिर्फ बसों पर ही निर्भर रह जाएंगी।
हर 15-20 मिनट में सिटी बस
कैब और ऑटो न मिलने पर लोग सिटी बस सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं। CTU की तरफ से शहर में 65 से 70 लोकल और सब-अर्बन रूटों पर बसें चलाई जाती हैं। ये बसें चंडीगढ़ के अलग-अलग सेक्टरों को जोड़ती हैं। वहीं सेक्टर-43 और सेक्टर-17 बस स्टैंड के बीच भी रूट बनाए गए हैं। दोनों बस स्टैंड से PGI, सेक्टर-32 अस्पताल, हाईकोर्ट, सचिवालय जैसे प्रमुख संस्थानों के लिए भी रूट उपलब्ध हैं।
₹35 प्रति किमी रेट की मांग
2025 में चंडीगढ़ प्रशासन ने कैब कंपनियों के लिए एक पॉलिसी बनाई थी। इस पॉलिसी के तहत कैब चालकों के लिए किराया ₹25 प्रति किलोमीटर तय किया गया था। इसके बाद से CNG ₹9 प्रति किलो, जबकि डीजल और पेट्रोल करीब ₹7-7 प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। अब ड्राइवरों की मांग है कि किराया ₹25 से बढ़ाकर ₹35 प्रति किलोमीटर किया जाए।
16 जून के प्रदर्शन को बुड्ढा दल का समर्थन
ट्राइसिटी कैब ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से 16 जून को प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन को लेकर बुड्ढा दल के निहंग साहिबानों ने समर्थन की घोषणा की है। उनका कहना है कि चालकों के परिवारों की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उनकी जायज मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, इसलिए उनका दल भी इस प्रदर्शन में शामिल होगा।