May 14, 2026
14 may 12
  • चौथा रिमाइंडर भेजा, अनुबंध अवधि तत्काल बढ़ाने की मांग

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से कार्यरत संविदा कर्मचारियों के अनुबंध नवीनीकरण और वेतन भुगतान में आ रही देरी को लेकर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के महाप्रबंधक को चौथा रिमाइंडर भेजा है।

UHBVN के प्रशासन शाखा, पंचकूला की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 31 मार्च 2026 के बाद HKRN पोर्टल पर अनुबंध अवधि का विस्तार नहीं होने के कारण कर्मचारियों का वेतन समय पर जारी नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में विभाग पहले भी 4, 5, 7 और 8 मई को कई पत्र भेज चुका है, लेकिन अब तक आवश्यक कार्रवाई लंबित है।

यहां पढ़िए लेटर में और क्या…

पत्र में उल्लेख किया गया है कि हरियाणा सरकार के मानव संसाधन विभाग ने 8 मई 2026 को जारी आदेश के तहत HKRN के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों की सेवाएं 30 जून 2026 तक या फिर हरियाणा सेवा सुरक्षा अधिनियम, 2024 के पोर्टल के लागू होने तक (जो भी पहले हो) बढ़ा दी हैं।

UHBVN ने HKRN से अनुरोध किया है कि विभिन्न ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर्स (DDOs) द्वारा भेजे गए अनुरोधों के आधार पर कर्मचारियों की अनुबंध अवधि तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि उनके वेतन का भुगतान समय पर किया जा सके।

साथ ही निगम के मुख्य लेखा अधिकारी (CAO) को HKRN के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए त्वरित कार्रवाई करने तथा सभी DDOs को इस मुद्दे के समाधान तक HKRN के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।