- 11 मई से तेज हवाएं चलने के आसार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम एक बार फिर गर्म होने लगा है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान अभी भी सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान सिरसा में 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
इसके बाद 11 से 14 मई के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
ट्रफ रेखा से पड़ रहा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब, राजस्थान क्षेत्र पर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अभी सक्रिय है। वहीं, पाकिस्तान से लेकर उत्तर-पश्चिम बांग्लादेश तक एक ट्रफ रेखा भी बनी हुई है, जिसका असर हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों पर पड़ रहा है।
11 मई से बदलेगा मौसम
इसके अलावा 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसका असर हरियाणा के मौसम पर भी दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग ने 11 से 14 मई के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
आज शुष्क रहेगा मौसम
हालांकि, शनिवार के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है और मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। जिसके कारण शनिवार को क्षेत्र के तापमान में वृद्धि होने की भी संभावना बनी हुई है।