May 1, 2026
1 may 3
  • कल से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, किसानों को सलाह

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मई की शुरुआत ठंडी रातों के साथ हुई है। 1 मई को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस सोनीपत के कैनाल रेस्ट हाउस, सरगथल में रिकॉर्ड किया गया।

वहीं नारनौल का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। कई जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

रोहतक रहा सबसे गर्म
राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली, लेकिन अभी किसी भी प्रकार की हीटवेव या गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आज शुक्रवार को पूरे प्रदेश में “नो वार्निंग” की स्थिति बनी हुई है। उधर, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बुधवार की तुलना में गुरुवार को 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि बुधवार को यह 1.2 डिग्री कम हुआ था। हालांकि, तापमान में वृद्धि के बावजूद यह अभी भी सामान्य के करीब बना हुआ है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से फिलहाल कुछ राहत मिली हुई है।

कल से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव

मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार दो मई से फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, यह तीन मई तक एक्टिव रहेगा। जिसकी वजह से शनिवार से फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इससे लोगों को कुछ दिन तेज गर्मी से राहत मिलेगी।

किसानों और आमजन को सलाह

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से तापमान में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। किसानों और आमजन को सलाह दी गई है कि वे मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें, ताकि बदलते मौसम के अनुसार आवश्यक सावधानियां बरती जा सकें।