हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के 14,268 सरकारी स्कूलों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आज 29 अप्रैल को राज्यस्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक बुलाई है। सुबह 11 बजे होने वाली इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में सभी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक का मुख्य फोकस स्वच्छ प्रांगण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा। योजना के तहत स्कूलों में शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल व्यवस्था, परिसर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में स्वच्छता बनाए रखना संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे, जबकि राज्य स्तर पर मासिक मॉनिटरिंग होगी।
विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है
इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। सरकार चाहती है कि सरकारी स्कूलों में साफ-सफाई के उच्च मानक स्थापित हों, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य, उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो। बैठक में कमियों पर चर्चा कर सुधारात्मक कदम तय किए जाएंगे।