- अपने साथी की जगह पर दे रहा था पेपर, चेकिंग के दौरान पकड़ा गया
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद में हरियाणा पब्लिक सर्विस कमिशन द्वारा आयोजित HCS (Executive & Allied Services) प्रारंभिक परीक्षा के दौरान फर्जी तरीके से परीक्षा दे रहे एक युवक को पकड़ा गया है। पेपर देने से पहले की जा रही जांच के दौरान युवक को पकड़ा गया है। पुलिस ने परीक्षा देने वाले और जिसका पेपर देने के लिए आया था दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान पकड़ा गया
जिला प्रशासन की तरफ से जानकारी देते हुए बताया गया है कि शहर में परीक्षा लिए 80 सेंटर बनाए गए हैं। सुबह के पहले सत्र के लिए प्रवेश सुबह 8.30 बजे शुरू कर दिया केएल महता दयानन्द पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 7C में एक युवक को बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान पकड़ा गया। जांच में पता चला कि युवक किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने के लिए आया था।
दूसरे की जगह देने पहुंचा परीक्षा
सेंटर पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने बिना देरी किए युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि पकड़े गए युवक का नाम विशाल कुमार है। जो किसी अन्य उम्मीदवार के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। जांच में पाया गया कि संबंधित असली अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के आसपास ही मौजूद था।
पुलिस ने दोनो को हिरासत में लिया
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कराने की कार्रवाई जारी कर दी है। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गडबड़ी नहीं होने दी जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
शहर में इस परीक्षा के लिए 80 सेंटर बनाए गए हैं। इन पर 22 हजार 776 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। हर सेंटर पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन सिस्टम और जैमर की लगाया गया है। सेंटर के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है।