April 23, 2026
23 april 9
  • रेवाड़ी में राव की पसंद पर मुहर, सांपला से हुड्डा के करीबी रहे प्रवीन को टिकट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा नगर निकाय चुनाव को लेकर BJP ने पालिका-परिषद प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। सांपला में प्रवीन कोच, रेवाड़ी में विनीता और धारूहेड़ा में अजय जांगड़ा का मौका मिला है।

प्रवीन कोच 2008 से 2013 तक कांग्रेस सरकार में सांपला से चेयरमैन रहे हैं। प्रवीन भूपेंद्र हुड्डा के खास माने जाते थे, लेकिन कुछ दिनों पहले ही बीजेपी में शामिल हो गए। वहीं, रेवाड़ी की विनीता राव इंद्रजीत समर्थक मानी जाती हैं और उन्हीं के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुईं थी।

BJP ने पालिका-परिषद अध्यक्ष प्रत्याशियों के साथ ही पार्षद कैंडिडेट की लिस्ट भी जारी कर दी है। पंचकूला, सोनीपत व अंबाला नगर निगम के वार्ड पार्षद कैंडिडेट के नाम डिक्लेयर किए हैं। वहीं इसके साथ-साथ सांपला, रेवाड़ी के वार्ड कैंडिडेट घोषित किए हैं लेकिन धारूहेड़ा के वार्ड पार्षद लिस्ट को होल्ड किया गया है।

कौन हैं अजय जांगड़ा…

अजय जांगड़ा ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते है और राव इंद्रजीत सिंह के समर्थक हैं। उन्होंने 2020 में हुए चुनाव में धारूहेड़ा नगर पालिका के पार्षद का चुनाव लड़ा। चुनाव जीतने के बाद राव इंद्रजीत सिंह के समर्थन से नगर पालिका उपप्रधान चुने गए। चेयरमैन कंवर सिंह के साथ भी काम चुके हैं।

राव इंद्रजीत के साथ BJP में आई विनीता को भी टिकट

रेवाड़ी से टिकट पाने वालीं विनीता पीपल नवंबर 2016 में भाजपा के सहयोग से नगर परिषद की चेयरमैन चुनी गई थी। वो 2014 में राव इंद्रजीत सिंह के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में आई थी। फिलहाल भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यकारी अध्यक्ष हैं। पति नरेंद्र पीपल एससी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं और पेशे से वकील हैं।

वहीं, ससुर मोहन लाल पीपल पटौदी से 1977 में हारे और 1982 व 1991 दो बार विधायक बनें। हरियाणा सरकार में संसदीय सचिव और टूरिज्म विभाग के चेयरमैन भी रह चुके हैं। परिवार शुरू से ही रामपुरा हाउस से जुड़ा रहा है। अगस्त 2017 में 83 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।

पंचकूला में BJP ने काटे 5 पार्षदों के टिकट

पंचकूला में BJP ने अपने 5 पार्षदों के टिकट काटे हैं। हालांकि 1 निर्दलीय ओमवती पूनिया ने भी BJP का दामन थाम लिया था, उसे भी मौका नहीं दिया गया। BJP ने पंचकूला वार्ड एक के पूर्व पार्षद नरेंद्र लुबाना की पत्नी, वार्ड 3 से सुरेश वर्मा, 5 से जय कौशिक व 9 से हरेंद्र मलिक पर फिर से भरोसा जताया है। वहीं रितु, सोनिया सूद, सोनू व सुनीत सिंगला, राकेश कुमार का टिकट काट दिया है।

पंचकूला-सोनीपत में वैश्य बिरादरी पर दांव

इससे पहले बुधवार को BJP ने तीन नगर निगम प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। पंचकूला में श्यामलाल बसंल, सोनीपत से राजीव जैन और अंबाला में अक्षिता सैनी को मौका दिया है।

खास बात ये है कि हरियाणा नगर निगम चुनाव के लिए BJP ने दो वैश्य समुदाय और एक सैनी समुदाय से प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। राजीव जैन और श्यामलाल दोनों ही वैश्य समुदाय से आते हैं। दोनों लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। वहीं, अक्षिता सैनी के परिवार का जुड़ाव आरएसएस से रहा है। उनके पिता व भाजपा नेता अपनी पत्नी के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने बेटी पर भरोसा जताया है।