- पुलिस ने दोनो को चार दिन की रिमांड पर लिया
हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज: मोबाइल दुकान पर फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने आरोपी गांव भागल निवासी रवि कुमार को भागल और करनाल के गांव भराणी खालसा निवासी भरत कुमार को पलवल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
मामले में मुख्य आरोपी रजत पहले पकड़ा जा चुका है
मामले में मुख्य आरोपी रजत पहले पकड़ा जा चुका है। वीरवार देर रात पकड़े गए आरोपी भरत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वारदात के समय वह बाइक चला रहा था व फायरिंग करने में भी शामिल था। जबकि रवि ने वारदात के बाद हथियार छिपाकर गिरोह को सप्लाई किए थे। ये खुलासा डीएसपी सुशील प्रकाश ने किया। उन्होंने बताया कि चार अप्रैल की शाम करीब छह बजे चीका के चानना रोड स्थित गिल मोबाइल की दुकान पर दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे। दोनों हमलावरों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर मौके से फरार हो गए थे।
मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई
घटना के बाद थाना चीका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान एएसआई तरसेम की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। इससे पहले 14 अप्रैल को इस मामले में एक अन्य आरोपी रजत निवासी कुरुक्षेत्र को पकड़ा गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ढांड क्षेत्र में दबिश दी गई।
एक अवैध 32 बोर देसी पिस्तौल, दो कारतूस बरामद हुए
इस दौरान आरोपी रजत बाइक पर भागने लगा और केएमपी 152डी पुल के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसने पुलिस पर करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें रजत के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध 32 बोर देसी पिस्तौल, दो कारतूस बरामद हुए थे। अभी आरोपी का सिविल अस्पताल कैथल में इलाज चल रहा है