- दुष्यंत चौटाला बोले- पुलिस ने कुचलने की कोशिश की, वैपन ताना
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :हरियाणा के हिसार में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में हुए बवाल के बाद शुक्रवार को भी जमकर हंगामा हुआ। गिरफ्तारी देने SP ऑफिस जा रहे पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि पुलिस की एक गाड़ी से उन्हें सब्जी मंडी पुल पर कुचलने का प्रयास किया। सादी वर्दी में एक पुलिसकर्मी ने उन पर वैपन तान दिया।
इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिस की गाड़ी दुष्यंत चौटाला की एस्कॉर्ट गाड़ी के सामने खड़ी है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी हाथ में पिस्टल लेकर धमकाता हुआ दिख रहा है। जैसे ही दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला वहां पहुंचे, वह पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठ गया।
दुष्यंत ने गाड़ी पर चढ़कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिसवालों ने गाड़ी भगा ली। इसके बाद दुष्यंत की सिक्योरिटी ने उन्हें संभाला। तभी एक पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंचा, जिसे दिग्विजय चौटाला ने धक्का दे दिया।
GJU विवाद पर हिसार पुलिस ने जजपा के युवा अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला समेत कई कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है। 6 नेताओं को गिरफ्तार भी किया गया। दोपहर बाद दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला ने एसपी सिद्धांत जैन से मुलाकात की। वापस आकर दुष्यंत ने कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करेंगे।
युवा सम्मेलन की नहीं मिली मंजूरी
JJP की युवा विंग GJU में 16 अप्रैल को युवा सम्मेलन करना चाहती थी। मगर, वाइस चांसलर नरसी राम बिश्नोई ने कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी। इसके बाद जजपा ने साथ लगती यादव धर्मशाला में कार्यक्रम रखा। यहां पहुंचने पर दिग्विजय चौटाला ने छात्रों को संबोधित किया और वीसी के सम्मेलन की इजाजत न देने पर नाराजगी जताई। इसी दौरान उन्होंने वीसी ऑफिस घेरने का ऐलान किया, जिसके बाद छात्र और जजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए वीसी ऑफिस पहुंच गए और हंगामा किया। पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड भी हटा दिए।
पुलिस ने रोका तो भड़के कार्यकर्ता
जैसे ही जजपा कार्यकर्ता और छात्र वीसी ऑफिस पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। छात्र वीसी से बात कराने की मांग करने लगे, लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। इसके बाद छात्र भड़क गए और वीसी ऑफिस के दरवाजे को तोड़ दिया। गमले भी इधर-उधर फेंक दिए। इस हंगामे के वक्त दिग्विजय चौटाला भी मौजूद थे।
रोकने की कोशिश में पुलिस से हुई झड़प
इसके बाद जजपा कार्यकर्ता और छात्र उग्र हो गए। उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। इसे देखते हुए और पुलिसबल बुला लिया गया। महिला पुलिसकर्मी भी आ गईं। प्रदर्शनकारियों को उग्र होते हुए महिला पुलिसकर्मी आगे आईं तो दिग्विजय चौटाला ने यह कहते हुए टोका था कि लड़कों के प्रदर्शन में महिला पुलिस कर्मियों को किस लिए बुलाया गया है?
वीसी पिछले गेट से निकले तो धरने पर बैठे दिग्विजय
हंगामा बढ़ता देख वीसी पिछले गेट से निकल गए। इसका पता चलते ही दिग्विजय चौटाला और जजपा कार्यकर्ता वीसी ऑफिस के सामने ही धरना देकर बैठ गए। दिग्विजय ने कहा कि जो वीसी अपनी कुर्सी और यूनिवर्सिटी नहीं संभाल सकता, वो छात्रों का भविष्य कैसे संवारेगा।
VC ने कहा था- कुछ लोग गुंडागर्दी करने पहुंचे थे
वहीं GJU के VC नरसी राम बिश्नोई ने कहा था कि पुलिस को समय रहते छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सूचना दे दी गई थी। सुरक्षा में कहीं न कहीं चूक हुर्ह है। प्रदर्शनकारियों को गेट के आगे आना था, मगर वह कार्यालय तक पहुंच गए। प्रदर्शन के नाम पर कुछ लोग गुंडागर्दी करने पहुंचे। कोई डिमांड तक वह देकर नहीं गए। जहां तक स्थान की बात है तो हमारे पहले से ही कार्यक्रम तय थे और हॉल बुक थे। इस बारे में छात्रों को पहले ही बता दिया था।
पुलिस ने केस दर्ज कर 6 को हिरासत में लिया
उधर, शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में आपराधिक अतिचार, दंगा भड़काना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, और लोक सेवक के कार्य में बाधा डालना जैसी विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही, छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
SP सिद्धांत जैन ने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और पुलिस बल पर हमला करना गंभीर अपराध है।
घर में घुसकर CIA ने बदतमीजी की
दुष्यंत चौटाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जजपा नेताओं के घर में घुसकर सीआईए पुलिस ने बदतमीजी की। महिला अध्यक्ष के घर बिना महिला पुलिसकर्मी के सीआईए वाले पहुंचे और उनकी निजी अल्मारियों में जाकर ताकझांक की। उन्होंने छात्रों की आवाज उठाई थी और वहां एक-दो गमले टूटे थे। क्या अब नायब सैनी की पुलिस गमले तोड़ने पर भी रात को 12 बजे घरों में घुसकर गिरफ्तारी करती है।
जजपा नेताओं के परिवार के साथ धक्का-मुक्की की
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जजपा नेताओं के परिवार के साथ धक्का-मुक्की की गई और पुलिस उनके घरों से डीवीआर तक ले गई। वे पुलिस के खिलाफ सबूत जुटा रहे हैं और केस दर्ज करवाएंगे। इसमें सबसे बड़ी धारा दरवाजे से कूदने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की है। जीजेयू में सिर्फ गमले टूटे हैं, न तो वीसी का गेट टूटा और न ही कोई तोड़फोड़ की गई।
दिग्विजय का नाम FIR में सबसे आगे
दुष्यंत ने कहा कि दिग्विजय चौटाला का नाम एफआईआर में सबसे आगे है। वे पहले भी जेल जाने से नहीं घबराए और न ही अब घबराएंगे, क्योंकि वे सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इसी घबराहट में पुलिस ने जजपा नेताओं को उठाया है। सरकार उनके संगठन को कमजोर करना चाह रही है। अगर सरकार मशीनरी का दुरुपयोग कर दबाव बनाने का काम कर रही है तो वे सड़कों पर उतर कर लड़ाई लड़ेंगे।