March 24, 2026
24 march 11
  • 52 लोगों की मिली संलिप्तता, झज्जर और महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा केस

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा गैस किल्लत के बीच सिलेंडरों की कालाबाजारी और स्टॉक की खबरें भी आ रही हैं। सरकार ने ऐसे मामलों में अब केंद्रीय गाइडलाइन के हिसाब से सख्ती शुरू कर दी है।

सूबे में एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 8 FIR दर्ज की गई हैं, इसमें 52 आरोपियों की संलिप्तता पाई गई और 825 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि एलपीजी से जुड़ी कोई भी अनियमितता सामने आती हैं, तो उस पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर को लेकर राज्य में स्थिति सामान्य है, नागरिकों को किसी भी तरह के पैनिक की आवश्यकता नहीं है।

अफवाह फैला रहे शरारती लोग

राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के प्रति सरकार का रुख कड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी जो शरारती एवं षड्यंत्रकारी तत्व अफवाह फैला रहे हैं, सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

दो जिलों में सबसे ज्यादा मामले

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से बताया गया कि जब्त किए कुल 825 घरेलू एलपीजी में झज्जर जिले से 131, महेंद्रगढ़ जिले से 109 सिलेंडर, अंबाला से 86, भिवानी से 21, फरीदाबाद से 2, फतेहाबाद से 71, गुरुग्राम से 75, हिसार से 39, जींद से 17, कैथल से 10, करनाल से 44, कुरुक्षेत्र से 21, नूंह से 16, पानीपत से 23, रेवाड़ी से 21,

रोहतक से 98, सिरसा से 12, सोनीपत से 12 और यमुनानगर से 17 LPG सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। इनमें से फरीदाबाद में 7 और सोनीपत में 1 FIR दर्ज की गई हैं। इस कड़ी में तीन वाहन भी पकड़े गए हैं।

सूबे में अभी 9,82,212 LPG सिलेंडर

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य भर में आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 6 दिनों में 14.2 किलो के कुल 61034 घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 9,82,212 है।

राज्य भर में कमर्शियल आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 25 दिनों 19 किलो के कुल 848 कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 1,79,566 है।

कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक

प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रमुख तेल कंपनियों – इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।