April 30, 2026
9 MARCH 10

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज :रोहतक जिले के गांव जसिया स्थित सर छोटूराम धाम के संविधान को लेकर जाट सेवा संघ के पूर्व चेयरमैन यशपाल मलिक और मौजूदा कार्यकारिणी के बीच विवाद चल रहा है। मौजूदा कार्यकारिणी संविधान में संशोधन करने की मांग पर अड़ी हुई है, वहीं यशपाल मलिक इसमें संशोधन करने को तैयार नहीं है। इसको लेकर हुड्डा खाप की तरफ से आज सर छोटूराम धाम में महापंचायत की जा रही है।

जाट सेवा संघ के चेयरमैन एडवोकेट रणधीर सिंह ने बताया कि 2017 में जब जाट सेवा संघ ट्रस्ट का गठन किया गया तो उसके संविधान में लिखा था कि ट्रस्टी का कार्यकाल 5 साल तक रहेगा और ट्रस्टियों का चुनाव जिला कमेटियां करेंगी। हर जिले से ट्रस्टी को जिला कमेटी चुनकर ही भेजेगी।

रणधीर सिंह ने बताया कि जब ट्रस्ट का संविधान देखा गया तो उसमें लिखा था कि ट्रस्टियों का कार्यकाल 5 साल रहेगा, लेकिन अगर ट्रस्टी चाहे तो इस कार्यकाल को बढ़ाया जा सकता है। अगर किसी ट्रस्टी के मन में कोई लालच उत्पन्न हो जाए तो वह अपना कार्यकाल 50 साल भी कर सकता है।

संविधान में संशोधन को लेकर ही हुड्डा खाप ने बुलाई महापंचायत
चेयरमैन एडवोकेट रणधीर सिंह ने बताया कि जाट सेवा संघ के संविधान में संशोधन करने के लिए हुड्डा खाप की तरफ से महापंचायत की जा रही है। जिसमें सर्वखाप के प्रतिनिधि शामिल है। पंचायत के दौरान संविधान में संशोधन कैसे करना है, इसको लेकर रणनीति तय की जाएगी।

अभी ट्रस्टी बनाने की यशपाल मलिक को ही पावर
रणधीर सिंह ने बताया कि जाट सेवा संघ का ट्रस्टी बनाने की पावर अभी केवल यशपाल मलिक को है। ट्रस्टियों के चुनाव को लेकर संविधान में कुछ नहीं लिखा गया। पहली टर्म में 15 ट्रस्टी यशपाल मलिक ने अपनी मर्जी से बनाए। दूसरी टर्म में अभी 24 ट्रस्टी थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। सभी ट्रस्टी यशपाल मलिक ने अपनी मर्जी से बना रखे है।

रणधीर सिंह ने बताया कि यशपाल मलिक के 17 में से 6 ट्रस्टी ऐसे हैं, जिन्होंने ट्रस्टी बनने के लिए निर्धारित 11 हजार रुपए का दान आज तक ट्रस्ट में नहीं दिया है। उन्होंने ट्रस्टी बनने की शर्त ही पूरी नहीं की है। ऐसे में उन्हें ट्रस्टी नहीं माना जाएगा और उन्हें हटाया गया है।

आरोपियों ने खुद बुलाई पंचायत, मैं नहीं आउंगा
यशपाल मलिक ने बताया कि आरोपी खुद पंचायत बुला रहे है, यह इतिहास में पहली बार देखने को मिलेगा। हुड्डा खाप के जनरल सेक्रेटरी कृष्ण लाल हुड्डा पहले जाट सेवा संघ में सेक्रेटरी पद पर रह चुके हैं और चेयरमैन रणधीर सिंह ही उसके ऊपर घोटाले के आरोप लगा चुके है। अब वही रणधीर सिंह मिलकर पंचायत बुला रहे हैं। ऐसी पंचायत में वह नहीं आएंगे और ना ही उन्हें बुलाया गया है।